छत्तीसगढ़: सर्चिंग पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में महिला नक्‍सली ढेर

बड़ी संख्या में नक्सलियों के छिपे होने की सूचना पर गए थे जवान। (फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar

कांकेर। कांकेर में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि DRG और ‌BSF की संयुक्त पार्टी गश्त पर निकली थी। उसी दौरान अचानक से माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया है। मामला छोटे बेठिया थाना क्षेत्र का है।

नक्सलियों के छिप होने की सूचना पर सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान सोमवार सुबह लौटते वक्त बीनागुण्डा के जंगल में अचानक से फायरिंग शुरू हो गई। इसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की ओर भागे हैं। कहा जा रहा है यह मुठभेड़ आधे घंटे से ज्यादा चली है।

बताया गया है कि नक्सली जंगल में ही मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने जवानों को जैसे ही देखा, फायरिंग शुरू कर दी। जवानों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। मुठभेड़ की पुष्टि आईजी पी सुंदरराज ने की है। मुठभेड़ के बाद जवानों ने मौके से एक राइफल भी जब्त किया है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। मारी गई महिला नक्सली की पहचान अब तक नहीं हुई है।

5 दिन पहले वाहनों में लगाई थी आग

इससे 5 दिन पहले नक्सलियों ने इसी इलाके में आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। उस दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगे 3 ट्रेक्टर, 1 पोकलैंड, 1 लोडर में नक्सलियों ने आग लगा दी थी। इसके अलावा वहां काम कर रहे मजदूरों को काम नहीं करने की भी धमकी दी थी।