IPL 2023 Closing Ceremony: न्यूक्लिया-किंग ने बांधा समा, माही के लिए गाया ‘मेरे शोना…दिल से जुदा मत होना’; देखें वीडियो

IPL 2023 closing ceremony nucleya king Divine and jonita gandhi Performance in Ahmedabad Narendra Modi Stadium

क्लोजिंग सेरेमनी में परफॉर्म करते किंग और न्यूक्लिया 

आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स है। चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में टॉस से पहले आईपीएल 2023 की क्लोजिंस सेरेमनी का आयोजन हुआ। इस दौरान म्यूजिक प्रोड्यूसर न्यूक्लिया और गायक किंग ने अपने गानों से समा बांध दिया। दोनों ने काफी मनोरंजक गाने गाए और फाइनल मैच शुरु होने से पहले ही दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। 

न्यूक्लिया ने रविवार को परफॉर्म किया था। हालांकि, इसके बाद बारिश शुरू हो गई थी और फैंस का मजा किरकिरा हो गया था, लेकिन आज के दिन मौसम साफ है और दर्शक इस मुकाबले का भरपूर मजा ले रहे हैं। 

किंग ने अपनी आवाज पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। धोनी के मैदान में आते ही किंग ने ओ मेरे सोना रे, सोना रे, सोना रे, दिल से जुदा मत होना रे गाना गाया। धोनी के मैदान में आते ही फैंस ने जबरदस्त चीयर किया। इसके बाद उन्होंने अपना गाना- तू मान मेरी जान, तुझे जाने न दूंगा गाया। इस दौरान भी कैमरे का फोकस धोनी पर ही रहा। 

आईपीएल 2023 के फाइनल के दौरान रैप किंग डिवाइन और गायक जोनिता गांधी को भी परफॉर्म करना था, लेकिन अब तक इन दोनों ने परफॉर्म नहीं किया है। ये दोनों पहली पारी खत्म होने के बाद या मैच खत्म होने के बाद परफॉर्म कर सकते हैं। 

आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला रविवार को होना था, लेकिन बारिश की वजह से यह मैच नहीं हो सका। अब रिजर्व डे पर यह मैच खेला जा रहा है। आईपीएल के इतिहास में पहली बार कोई फाइनल मुकाबला रिजर्व डे तक पहुंचा है। गुजरात की टीम लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करने उतरी है। वहीं, चेन्नई की कोशिश पांचवीं बार चैंपियन बनने की है। यह चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी मैच भी हो सकता है।