छत्तीसगढ़: प्रदेश में आज छाए रहेंगे बादल, कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार, कल से बढ़ेगा तापमान

रायपुर। उत्तर पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के चलते उमस में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। हालांकि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार है।

रविवार को तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा,लेकिन सोमवार से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार है।शनिवार को प्रदेश भर में अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और एआरजी सक्ती में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियलस दर्ज हुआ।

शनिवार को रायपुर का अधिकतम 40.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.5डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहे। इस प्रकार इनमें गिरावट के बाद भी गर्म हवाओं के कारण उमस में बढ़ोतरी हुई,साथ ही दोपहर की तेज धूप भी चुभने लगी है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि द्रोणिका के प्रभाव से बस्तर क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलने के आसार है और उस क्षेत्र में अंधड़ चलने और बारिश के आसार है। शनिवार को सुकमा में 5 सेमी, दंतेवाड़ा में 4 सेमी,जगदलपुर में 3 सेमी वर्षा हुई,इसके साथ ही कुछ अन्य क्षेत्रों में भी हल्की वर्षा हुई।

गौरतलब है कि इस वर्ष मानसून के अपने निर्धारित तिथि से चार दिन विलंब से आने की संभावना है। जगदलपुर में 13 जून, रायपुर में 16 जून और अंबिकापुर सहित प्रदेश भर में 21 जून से मानसून सक्रिय होने की संभावना है।