छत्तीसगढ़: 27 से 29 मई तक होगी राज्य स्तरीय रामायण प्रतियोगिता, संस्कृति मंत्री ने तैयारी का लिया जायजा

रायपुर।  तहसील व जिला के बाद अब राज्य स्तरीय रामायण प्रतियोगिता के लिए तारीखें तय हो चुकी हैं। राजधानी में 27 से 29 मई तक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मानस मंडली प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मंडलियां शामिल होंगी। संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने अपने निवास स्थान में विभागीय समीक्षा के दौरान विभागीय कार्यों व आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक में संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि राजधानी में डे-भवन में स्वामी विवेकानंद स्मृति संस्थान की स्थापना और मानव संग्रहालय के निर्माण के लिए वित्त विभाग से मंजूरी प्राप्त हो गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप माता कौशल्या महोत्सव का सफल आयोजन हाल ही में चंद्रखुरी में किया जा चुका है। एक से तीन जून तक राष्ट्रीय रामायण प्रतियोगिता का आयोजन रायगढ़ जिले में आयोजित किया जा रहा है। इसमें भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आई.सी.सी.आर) के माध्यम से विदेशी दलों को भी आमंत्रित किया गया है।

अन्य योजनाओं पर चर्चा 

बैठक में संस्कृति मंत्री ने नवा रायपुर में फिल्म सिटी के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण, समस्त जिलों में गढ़ कलेवा खोले जाने, कलाकारों के गत वर्ष के स्वीकृत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लंबित भुगतान, कलाकारों के ग्रेडेशन संशोधन तथा कलाकारों के मानदेय भुगतान शीघ्र किए जाने के निर्देश दिए। मंत्री ने गढ़ कलेवा की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 33 जिलों में से 16 जिलों में गढ़ कलेवा का संचालन किया जा रहा है। शेष जिलों में भी इस वर्ष गढ़ कलेवा का संचालन शुरू हो जाएगा। बैठक में छत्तीसगढ़ी राजभाषा आयोग के सचिव डॉ. अनिल भतपहरी, उपसंचालक जे.आर भगत आदि उपस्थित थे।