कोरबा: माहिला ने फांसी लगाकर दी जान, शादी के छह महीने बाद ही पति-पत्नी में होने लगे थे झगड़े

कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि शादी के छह माह बाद ही पति पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। परिवारिक बैठक के बाद चार साल बाद वह ससुराल आई थी। घटना की सूचना पर कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। जहां शव को फांसी के फंदे से नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

जानकारी के मुताबिक, कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में बीती रात को इमली छापर बस्ती में 27 वर्षीय गौतमी पनागर पति विक्की लांझी ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जानकारी मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का निरीक्षण कर उच्च अधिकारियों की मामले की सूचना दी गई।

बताया जाता है कि कवर्धा में रहने वाली मृतका का विवाह चार साल पहले विक्की लांझी के साथ हुआ था। 6 महीने तक पति-पत्नी के बीच रिश्ता ठीक-ठाक था लेकिन उसके बाद किसी न किसी बात को लेकर दोनों को बीच विवाद होता रहता था जिसके बाद वह अपने मायके कवर्धा चली गई थी। कुछ महीने पहले ही पारिवारिक और सामाजिक बैठक के बाद गौतमी अपनी ससुराल आई थी। कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक ठाक रहा, लेकिन फिर से विवाद शुरु हुआ जिसका अंत गौतमी की मौत के साथ हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मायका पक्ष को सूचना दी गई। मृतका के परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई फिर लाश को पीएम के लिए रवाना कर दिया गया। मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर मृतका को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।