छत्तीसगढ़ः स्टॉप डैम में डूबकर 2 लोगों की मौत, नहाने गया था नाबालिग, उसे बचाने के प्रयास में युवक भी डूबा

बालोद। जिले में स्टॉप डैम में नहाने के लिए गए 2 लोगों की डूबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नाबालिग को तैरना नहीं आता था। जिसके चलते वह डूबने लगा। यह देखकर युवक ने भी उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी। लेकिन वह गहराई में जाकर डूब गया। मामला सुरेगांव थाना क्षेत्र का है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार टटेंगा निवासी यश कुमार मानिकपुरी(21) और अखिलेश यादव(11) रविवार दोपहर को नहाने के लिए खरखरा कसही नाले में बने स्टॉप डैम में गए थे। अखिलेश यादव नारायणपुर में रहकर पढ़ाई करता था। छुट्‌टी के चलते वह घर आया हुआ था। यश कुमार गांव में रहता था। उसने पढ़ाई लिखाई छोड़ दी थी। दोनों के पिता रोजी-मजदूरी करते हैं।

दोनों को पानी से निकाला, मगर हो गई थी देर

रविवार दोपहर को दोनों डैम में नहाने के लिए गए थे। उसी दौरान अखिलेश डैम में कूद गया। फिर गहराई वाले इलाके में चला गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। यह देखकर यश उसे बचाने गया था, पर दोनों डूब गए। आस-पास के लोगों ने जब दोनों को डूबते देखा, तब पानी में जाकर दोनों को बचाने की कोशिश की। दोनों को पाने से निकाल भी लिया गया था। मगर तब तक देर हो गई थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इकलौते चिराग थे

घटना के बाद पुलिस को भी सूचना दी गई थी। शवों का पोस्टमार्टम किया गया है। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों अपने घर के इकलौते चिराग थे।