छत्तीसगढ़ः प्रियंका गांधी का भाजपा पर कटाक्ष, बोलीं- हम खोखले वादे नहीं करते

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में प्रियंका गांधी ने आज भाजपा पर तीखे वार किए हैं। प्रियंका ने भाजपा का बिना नाम लिए कहा कि हम जो कहते हैं वो करते हैं, आज पूरे छत्तीसगढ़ में जो नारा गूंज रहा है वो खोखला नारा नहीं है। प्रियंका ने कहा कि राज्य की सरकार लोगों के लिए काम करती है, न की खोखले वादे करती है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सबसे कम बेरोजगारी दर है। यहां अधिकतम वन अधिकार प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 60 से ज्यादा उत्पादों पर आपको सबसे ज्यादा MSP यहीं मिलता है। प्रियंका ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य मॉडल विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है। 

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मेरे परिवार का बस्तर से विशेष लगाव रहा है। मैं यहां पहली बार आई हूं, लेकिन मैं बचपन से बस्तर के बारे में, यहां के लोगों के संघर्ष के बारे में सुनती आई हूं।

प्रियंका ने अपने संबोधन की शुरुआत गोंडी में लोगों का अभिवादन करते हुए की। उन्होंने कहा कि आज बस्तर एक ब्रांड बन गया है। देश में ही नहीं विदेश में भी यहां के उत्पादों का उपयोग हो रहा है। मेरी दादी कहती थीं कि सबसे अच्छी संस्कृति आदिवासी होती है, क्योंकि आप लोग बिना प्रकृति का नुकसान किए जीवनयापन करते हैं।

प्रियंका गांधी के भाषण की बड़ी बातें..

  • बस्तर की महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही है। जब हम कमाती हैं तो हमारे में आत्मविश्वास आता है कि हम भी परिवार में कुछ कमाकर लाई हैं।
  • भारतीय जनता पार्टी की 15 साल की सरकार ने बस्तर के लोगों को सरकार पर निर्भर बनाया। आत्मनिर्भर नहीं बनाया। कांग्रेस सरकार ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया।
  • कांग्रेस की सरकार 65 वनोपज के लिए एमएसपी दे रही है। 5 लाख लोगों को वनअधिकार पट्टे दिए। धान की सबसे ज्यादा एमएसपी 2660 रुपए यहां मिल रही है।
  • जब भाजपा की सरकार थी तो सिर्फ शोषण था। गौमाता सड़कों पर घूमती थीं। सरकार आई तो खेतों को चरने वाली गौमाताओं के लिए गौठान बनाई। अब यह मॉडल पूरे विश्व में चर्चित है।
  • मैं यूपी में बताती हूं कि देखिए छत्तीसगढ़ में इसकी कितनी अच्छी योजना बनाई। भाजपा का भ्रष्टाचार आपने 15 साल भुगता है।
  • आपके सामने दो मिसाल हैं एक पिछली सरकार की है, जिसने आपसे सिर्फ लूटा है और दूसरी सरकार आपको सब दे रही है। अब आपको पहचानना है कि आपका भरोसा किस पर है।
  • बघेल जी कभी नकारात्मक बातें नहीं करते, जब भी यहां के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुझसे मिलते हैं, कभी भी किसी की चुगली, नकारात्मक बात नहीं की।
  • लोगों के लिए कुछ करने, बेहतर करने का निश्चय जितना बघेल जी में देखती हूं, उतना किसी में नहीं दिखता।

‘देश में बस्तर की अलग पहचान बन रही’

जगदलपुर के लाल बाग मैदान में ‘भरोसे का सम्मेलन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा देश में बस्तर की अलग पहचान बन रही है। पहले जहां नक्सलियों के गोलियों की गूंज सुनाई देती थी, आज वहां खुशी के गीत सुनाई देती है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रियंका गांधी ने साथ मिलकर 128 करोड़ 99 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण किया है। कुल 49 विकास कार्यों जिसमें 62 करोड़ 29 लाख 47 हजार के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण और 66 करोड़ 70 लाख से अधिक राशि के 34 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।