छत्तीसगढ़ः प्रियंका ने मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर कीं पूजा-अर्चना, 129 करोड़ के विकास कार्य जनता को अर्पित

जगदलपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बस्तर पहुंचकर सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कीं। जगदलपुर के लाल बाग मैदान में ‘भरोसे का सम्मेलन’ कार्यक्रम में पहुंच गई हैं। प्रियंका दिल्ली से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ सीधे जगदलपुर पहुंची हैं। एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं प्रियंका गांधी ने साथ मिलकर 128 करोड़ 99 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण किया है। कुल 49 विकास कार्यों जिसमें 62 करोड़ 29 लाख 47 हजार के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण और 66 करोड़ 70 लाख से अधिक राशि के 34 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

गांधी-नेहरू परिवार के बस्तर संस्मरण की लगी फोटो प्रदर्शनी
सम्मेलन में नेहरू-गांधी परिवार के बस्तर से जुड़े संस्मरणों की फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई है। ऐसे में बस्तर कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली है। फोटो प्रदर्शनी लगाने का उद्देश्य आदिवासियों और बस्तर से नेहरू गांधी परिवार के संबंधों के बारे में युवा पीढ़ी को जानकारी देना है। प्रदर्शनी के लिए पुरानी तस्वीरों का संग्रह किया गया है। लालबाग मैदान जहां पंडित जवाहर लाल नेहरू ने सम्मेलन को संबोधित किया था। उसी स्थल के समीप प्रियंका गांधी के लिए मंच तैयार किया गया है।

प्रियंका के दौरे को लेकर PCC चीफ मोहन मरकाम और आबकारी मंत्री कवासी लखमा पूरी मॉनिटरिंग कर रहे थे। कार्यक्रम में नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया, शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, समेत कैबिनेट के ज्यादातर मंत्री और पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद हैं। बुधवार शाम से ही नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था।

जगदलपुर एयरपोर्ट के बाहर डीजीपी और पुलिस अधिकारियों ने प्रियंका का स्वागत किया।

जगदलपुर एयरपोर्ट के बाहर डीजीपी और पुलिस अधिकारियों ने प्रियंका का स्वागत किया।

3 हजार से अधिक जवानों की तैनाती

प्रियंका गांधी जगदलपुर एयरपोर्ट से सिटी कोतवाली-कुम्हारपारा सड़क से होते हुए लाल बाग मैदान पहुंचीं। सुरक्षा को लेकर बस्तर में 3 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। अन्य जिलों से भी जवानों को बुलाया गया है। IG समेत 6 से 7 IPS तैनात हैं। कार्यक्रम स्थल से बाहर सड़क तक तीन लेयर में सुरक्षा का इंतजाम किया गया है।

छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि, उनके दौरे के बाद कांग्रेस पूरी तरह से चुनावी मूड में नजर आएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी हिस्सा लेंगी। प्रियंका के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस ने सभी तरह की तैयारी कर ली है।