छत्तीसगढ़ः विधायक बृहस्पत सिंह ने बैंक कर्मचारी का कॉलर पकड़कर पीटा, नाराज कर्मचारियों ने शुरू कर दी हड़ताल

रायपुर। रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह की गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार रात से वायरल हो रहा है। जिसमें देख सकते हैं कि, भीड़ के बीच विधायक ने बैंक कर्मचारी का कॉलर पकड़कर दो-तीन तमाचे जड़ दिए। इतने में मन नहीं भरा तो घूंसे भी चला दिए। नाराजगी ऐसी कि, सुरक्षाकर्मियों के रोकने पर भी नहीं रुके और पूरी भड़ास बैंककर्मी पर निकली। जिन 2 कर्मचारियों पर हाथ उठाया है। उनका नाम राजेश पाल और अरविंद सिंह है।

बैंक कर्मचारी जिला सहकारी बैंक रामानुजगंज में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि किसानों के भुगतान की बात पर विधायक भड़के थे। अब विधायक की करतूत पर लोग सवाल उठा रहे हैं। पूरी घटना 3 अप्रैल की बताई जा रही है। अब कर्मचारी बृहस्पत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इस घटना से गुस्साए बैंक कर्मियों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इस घटना के विरोध में अंबिकापुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी संघ के कर्मचारियों ने बैंक बंद रखने और सामूहिक छुट्‌टी लेकर हड़ताल कर दी है।

आज और कल यानि 5-6 अप्रैल को ये हड़ताल चलेगी। संगठन के अध्यक्ष आरके खरे ने कहा है कि, सरकार की ओर से अगर विधायक पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आगे कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

विधायक की गुंडागर्दी के विरोध में अब कर्मचारी प्रदर्शन पर उतर गए हैं। उन्होंने ये लेटर जारी किया है।

विधायक की गुंडागर्दी के विरोध में अब कर्मचारी प्रदर्शन पर उतर गए हैं। उन्होंने ये लेटर जारी किया है।

इन कर्मचारियों के साथ मारपीट
कर्मचारी संगठन की ओर से कहा गया है कि विधायक ने सैकड़ों किसानों के सामने कर्मचारियों को गालियां दी और पीट दिया। कर्मचारी संगठन ने सरगुजा के IG को पत्र लिखकर इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। दूसरी तरफ इस घटना के बाद से विधायक मीडिया से कुछ भी कहने से बच रहे हैं।