कोरबा: सड़क पार कर रहे दो युवकों को कार ने मारी जोरदार टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल

कार की टक्कर से सैलून कर्मी की मौत एक घायल।

कोरबा। कोरबा में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार को अशोक वाटिका के सामने एक कार की चपेट में आने से सैलून कर्मी की मौत हो गई। वहीं, उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है।

 ट्रांसपोर्ट नगर कोरबा में निर्मित अशोक वाटिका के सामने कार की चपेट में आने से 26 वर्षीय अरशद खान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसके साथ जा रहा चचेरा भाई सलमानी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाई ट्रांसपोर्ट नगर स्थित ब्रांडेड सैलून दुकान में काम करते थे और पंप हाउस में किराए के मकान में रहा करते थे। 
 
सलमानी ने बताया कि मृतक उसका चचेरा भाई था।पिछले छह महीने से पंप हाउस में किराए से मकान पर दोनों रहते थे और सैलून दुकान पर काम करते थे। वह सुबह घर से सैलून दुकान काम पर पैदल जाने निकले ही थे कि सफेद रंग की कार ने सड़क पार करते समय ठोकर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद लगभग 10 से 15 फीट उछल कर नीचे जा गिरा। जिसके बाद वह तत्काल घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
 
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सीएसईबी चौकी में पदस्थ एएसआई कौशल सिदार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी देते हुए मृतक के शव का पंचनामा कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया। मामले की जांच की जा रही है। मृतक अरशद उत्तर प्रदेश के मेरठ का निवासी था इसलिए उसके शव को कोरबा से रायपुर और रायपुर से मेरठ हवाई जहाज के जरिए भेजने की व्यवस्था की गई है।