राहुल बोले- सांसदी छीनकर डरा नहीं सकते, पूछता रहूंगा- मोदी का अडाणी से रिश्ता क्या है; अगली भारत जोड़ो यात्रा का किया ऐलान

rahul gandhi, राहुल गांधी

नई दिल्ली। लोकसभा की सदस्यता रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भारत में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है। उन्होंने कहा- मुझे डिस्क्वालिफाई करके डराया नहीं जा सकता। प्रधानमंत्री अडाणी पर मेरी अगली स्पीच से डरे गए हैं। मैंने यह उनकी आंखों में देखा है, इसलिए पहले मुद्दे से ध्यान भटकाया गया। उसके बाद मुझे अयोग्य घोषित कर दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गौतम अडाणी का रिश्ता क्या है? मैं यह सवाल पूछता रहूंगा। मेरी आवाज बंद नहीं कर सकते। मैं सवाल पूछना बंद नहीं करूंगा। अगर इनको लगता है कि मेरी सदस्यता रद्द करके, डराकर, धमकाकर, जेल भेजकर मुझे बंद कर सकते हैं। मैं हिन्दुस्तान के लोकतंत्र के लिए लड़ रहा हूं और लड़ता रहूंगा। इसके साथ ही राहुल गांधी ने अगली भारत जोड़ो यात्रा का ऐलान भी कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं अब एक बार फिर भारत जोड़ो यात्रा शुरू करूंगा।

राहुल ने कहा- संसद में मंत्रियों ने झूठा आरोप लगाया कि मैं विदेशी ताकतों से सहयोग ले रहा हूं। स्पीकर से पूछा तो वो मुस्कुरा कर बोले- मैं कुछ नहीं कर सकता। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने आप सबसे काफी बार बोला है कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है। इसके हमें हर रोज नए उदाहरण मिलते हैं। सवाल मैंने एक ही पूछा था कि अडाणी जी की शेल कंपनीज हैं। उसमें 20 हजार करोड़ रुपये किसी ने इन्वेस्ट किया। अडानी जी का पैसा नहीं। उनका इन्फ्रास्ट्रक्चर बिजनेस है। पैसा किसी और का है।

सवाल है कि ये 20 हजार करोड़ रुपये किसके हैं? मैंने संसद में प्रूफ देकर जो मीडिया रिपोर्ट से मैंने निकाला- अडाणी जी और मोदी जी के रिश्ते के बारे में बोला। रिश्ता नया नहीं पुराना है। जब नरेंद्र मोदी जी गुजरात के सीएम बने थे, तब से रिश्ता है। हवाई जहाज की मैंने फोटो दिखाई। नरेंद्र मोदी जी अपने मित्र के साथ बड़े आराम से बैठे हुए थे। मैंने संसद में फोटो दिखाया।

राहुल ने कहा मैंने संसद में अडाणी के घोटाले को लेकर चिट्ठी लिखी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। कुछ नेताओं ने बोला मैंने विदेशी ताकतों की मदद ली, ऐसा कुछ नहीं है। मैंने कई चिट्ठी लिखी पर कोई जवाब नहीं आया। मैंने स्पीकर से कहा कि मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा है। स्पीकर ने कहा कि मैं कुछ नहीं कर सकता है। मैं आगे भी मोदी जी से पूछूँगा कि 20 हजार करोड़ रुपए किसके हैं। मैं जेल में जाने से नहीं डरता।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एक साथ पार्टी ऑफिस पहुंचे।

राहुल के साथ प्रियंका गांधी पार्टी दफ्तर पहुंचीं
इससे पहले राहुल के साथ प्रियंका गांधी पार्टी दफ्तर पहुंचीं। इस दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजस्थान के CM अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल, अभिषेक मनु सिंघवी, जयराम रमेश और वेणुगोपाल मौजूद हैं।

राहुल गांधी की सदस्यता जाने के बाद यूथ कांग्रेस आज देशभर में अलग-अलग प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा कांग्रेस ने सोमवार से देशभर में संविधान बचाओ आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। इसकी रणनीति के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे आज एक अहम बैठक भी करेंगे। इसमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी आ सकती हैं।