छत्तीसगढ़ः देर रात तक चली ED की कार्रवाई, आरपी सिंह को लिया हिरासत में; विनोद तिवारी, देवेंद्र यादव के घर जांच खत्म

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय-ED ने सोमवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई को देर रात तक समेट लिया था। दिन भर की जांच-पड़ताल के बाद ED के अधिकारी कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह को अपने साथ लेकर गए हैं। वहीं विनोद तिवारी के घर पर चल रही तलाशी खत्म हो गई है। इस बीच कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के घर पर कार्रवाई देर रात तक चली।

दिन भर चली पूछताछ और तलाशी अभियान के बाद ED के अधिकारी कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह को लेकर बाहर निकले। इस बीच घर के बाहर ED की कार्रवाई का विरोध करने जमे विधायक विकास उपाध्याय ने भीड़ के साथ अधिकारियों को घेर लिया। उन्होंने कहा, इतनी पूछताछ के बाद बिना किसी तथ्य के अधिकारी आरपी सिंह को नहीं ले जा सकते। अधिकारियों के काफी समझाने-बुझाने के बाद विकास आरपी सिंह को ले जाने देने को तैयार हुए लेकिन वे भी समर्थकों के साथ ED के दफ्तर गए। इस बीच हाउसिंग बोर्ड के सदस्य विनोद तिवारी के घर पर तलाशी ले रही ED की टीम लौट गई है।

विनोद तिवारी ने यह ट्वीट किया है।

देर रात विनोद तिवारी ने घर के भीतर की एक तस्वीर जारी की। उन्होंने लिखा – भूपेश बघेल जी की लोकप्रियता से घबराहट, केंद्र के इशारे पर कूटरचित डायरी के पन्ने, महाधिवेशन का डर आज ED पहुंची मेरे घर। सुबह से शाम तक ली मेरे घर की तलाशी। रमन सिंह की आय से संबंधित पेपर घर पर थे। ED के अधिकारी पेपर अपने साथ क्यूं नहीं ले गये। ED रमन सिंह के खिलाफ कार्रवाई करेगी? बताया जा रहा है, देर रात तक ED की टीमें रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन, देवेंद्र यादव और चंद्रदेव राय के घर पर तलाशी कर ही रहीं थीं। तलाशी के दौरान रामगोपाल अग्रवाल अपने घर पर मौजूद नहीं रहे। कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नेताओं के घर के बाहर जमा होकर लगातार नारेबाजी कर रहे थे। इस बीच ED की ओर से कार्रवाई पर आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा गया है। सूत्रों का कहना है कि यह तलाशी अभियान एक-दो दिन तक जारी रह सकता है।

देवेंद्र ने कहा, ‘देखना है जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के बाहर आधी रात के बाद भी हंगामा जारी था। देवेंद्र यादव पहले घर की छत पर आए। वहां से उन्होंने समर्थकों का अभिवादन किया। बाद में वे मुख्य द्वार पर आकर समर्थकों को संदेश दे गए। करीब 11.30 बजे उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली। लिखा-जिस आत्मविश्वास के साथ आप बाहर डटे हो उसी आत्मबल से मैं अंदर डटा हूं। वादा करता हूं साथियों ना आपका विश्वास टूटेगा ना मेरा आत्मबल टूटेगा। सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है देखना है जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है।

देवेंद्र यादव ने यह ट्वीट किया है।

दिन भर होता रहा हंगामा, लाठी चार्ज

कांग्रेस नेताओं पर कार्यवाही के विरोध में सोमवार को दिन भर रायपुर और भिलाई में हंगामा होता रहा। कांग्रेस पदाधिकारियों और विधायकों ने अलग-अलग जगहों पर मोर्चा लगाया। विनोद तिवारी के घर पर रायपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे की ED अधिकारियों से बहस हुई। विधायक सत्यनारायण शर्मा तिवारी की बुजुर्ग मां का हालचाल लेने पहुंचे।उन्होंने कहा, कोई भी परेशानी हो उन्हें बताएं वे लोग बाहर ही बैठे हैं। रामगोपाल अग्रवाल और गिरीश देवांगन के घर पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विवाद किया। शाम को युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पुजारी पार्क स्थित ED के क्षेत्रीय कार्यालय का घेराव कर दिया। इस दौरान सीआरपीएफ के जवानों ने लाठी चार्ज किया।