छत्तीसगढ़ः सीएम भूपेश बोले – ‘रमन सिंह का अपराध क्षमा योग्य नहीं’, उन्होंने जबरदस्ती GST मंजूर किया; डॉ.रमन ने किया पलटवार

मुख्यमंत्री बोले- उन्होंने जबरदस्ती GST मंजूर किया, हर साल 6000 करोड़ का नुकसान; पूर्व सीएम ने किया पलटवार|रायपुर,Raipur - Dainik Bhaskar

रायपुर।प्रदेश में GST पर फिर से विवाद उभर आया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को निशाने पर लिया है। उन्होंने रमन सिंह पर आरोप लगाया कि उन्होंने जबरदस्ती GST को स्वीकार कर लिया। इसकी वजह से प्रदेश को हर साल 6 हजार करोड़ का नुकसान हो रहा है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार सोशल मीडिया पर लिखा, “ट्रबल इंजन’ ने 2017 में केंद्र सरकार के दबाव में GST बिल पर ऐसी शर्तों के तहत स्वीकृति दे दी, जो पूरी तरह राज्य के हितों के विरुद्ध थी। उसका दुष्परिणाम है कि राज्य को 6000 करोड़ प्रतिवर्ष की क्षति हो रही है। रमन सरकार का यह अपराध क्षमायोग्य नहीं है, जनता कभी माफ नहीं करेगी।

रायपुर हेलीपैड पर भी पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रमन सिंह की नाकामी के चलते हर साल छह हजार करोड़ का नुकसान हो रहा है। जबरदस्ती उन्होंने जीएसटी को स्वीकार कर लिया। 2022 के बाद से जो जीएसटी की क्षतिपूर्ति है वह हमें मिलना नहीं है। रमन सिंह को प्रदेश की जनता से इसके लिए माफी मांगनी चाहिए कि हमारा छह हजार करोड़ प्रति वर्ष का नुकसान हो रहा है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, हम उत्पादक राज्य हैं। लोहा का उत्पादन करते हैं, स्टील का उत्पादन करते हैं, सिमेंट का उत्पादन करते हैं। सारा उत्पादन तो हमारे छत्तीसगढ़ में हो रहा है। जो नीति बनी है भारत सरकार की, उससे उत्पादक राज्यों का नुकसान हो रहा है। इस नुकसान के लिए कोई जिम्मेदार है तो वह रमन सिंह और उसकी पूरी टीम है।

डॉ. रमन सिंह ने कहा, GST में फिक्स है स्टेट का शेयर

इन आरोपों के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, GST में नुकसान और फायदे में स्टेट का शेयर फिक्स है। वह पहले से बढ़ा ही है। 32% जो शेयर मिलना है वह मिलता रहता है। अगर ज्यादा कलेक्ट होगा तो ज्यादा मिलेगा, कम कलेक्ट होगा तो कम मिलेगा।