भाजपा नेता की हत्याः दो नक्सली पहुंचे थे सागर साहू के घर, दरवाजा खटखटाया, गेट खोला तो AK-47 से दाग दी गोली

नारायणपुर। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सागर साहू की नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। बाइक पर सवार होकर 2 नक्सली उनके घर पहुंचे थे। जिन्होंने पहले दरवाजा खटखटाया। सागर ने जब गेट खोला तो उन पर AK-47 से 2 गोलियां दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों माओवादी बाइक से जंगल की तरफ भाग निकले। पत्नी और बच्चों की चीख सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंच गए। जिन्होंने वारदात की जानकारी पुलिस को दी। 

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार रात के करीब 8 बज रहे थे। रोज की तरह कल भी शाम होते ही गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। नक्सल इलाका होने की वजह से सूर्य ढलते ही ग्रामीण अपने घरों के अंदर चले गए थे। सागर साहू (47) भी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर पर ही थे। पत्नी किचन में खाना बना रही थी और बच्चे दूसरे कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। सागर हॉल में सोफे पर बैठकर टीवी देख रहे थे।

इसी बीच दो अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाया। सागर ने दरवाजा खोला। दोनों अज्ञात युवक ग्रामीण वेशभूषा में थे। एक के हाथ में गन थी। दरवाजा खोलते ही दोनों जबरदस्ती घर के भीतर घुस आए। सागर को धक्का दिया। फिर जिसने गन पकड़ी हुई थी उसने सागर पर 2 राउंड फायर कर दिया। गोली कनपटी पर लगी। जिससे सागर सोफे पर ही गिर गए।

इधर, गोली की आवाज सुनकर पत्नी और बच्चे दौड़कर हॉल में पहुंचे। जिन्होंने हाथ में गन पकड़े 2 लोगों को बाइक से भागते हुए देखा। सोफे पर खून से लथपथ पड़े सागर को देख पत्नी और बच्चे चीख-चीखकर रोने लगे थे। रोने और चीखने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा होना शुरू हो गए थे। करीब 5 मिनट के अंदर ही यह पूरी घटना हुई है। ग्रामीणों ने वारदात की जानकारी पुलिस को दी।

ग्रामीणों ने बताया कि, गोली लगने के बाद भी सागर की सांस चल रही थी। फिर परिजनों और ग्रामीणों ने बिना देर किए सागर को छोटे डोंगर के अस्पताल लाया। यहां डॉक्टर ने तुरंत उन्हें नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। छोटे डोंगर से निकलते ही एंबुलेंस में ही सागर की मौत हो गई थी। जब नारायणपुर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सागर के घर से करीब 1 किमी की दूरी पर पुलिस थाना है। वारदात के बाद छोटे डोंगर थाना के जवान सागर के घर पहुंचे। घटना स्थल से गोली के 2 खोखे बरामद किए गए। खोखे देखकर पुलिस ने AK-47 गन का इस्तेमाल करने की आशंका जताई है। नारायणपुर ASP हेमसागर सिदार ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में पता चल रहा है कि, नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम ने वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

बताया गया कि सागर साहू भाजपा के जिला उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ वे ठेकेदारी का काम भी करते थे। इलाके में ही प्राइवेट मकान बनाने का ठेका लेते थे। हालांकि, पॉलिटिकल पार्टी से जुड़े होने की वजह से इससे पहले भी नक्सलियों ने उन्हें धमकी दी थी। इस वारदात के बाद सागर साहू की पत्नी और बच्चे काफी दहशत में हैं। फिलहाल वे नारायणपुर में किसी भाजपा नेता के घर पर ठहरे हुए हैं।