‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के स्पेशल कैफे का जिक्र: PM मोदी बोले-रायगढ़ जाने का मौका मिले तो जरूर उठाएं मिलेट कैफे का आनंद

PM मोदी बोले-रायगढ़ जाने का मौका मिले तो मिलेट कैफे का आनंद जरूर उठाएं|रायपुर,Raipur - Dainik Bhaskar

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात में रविवार को छत्तीसगढ़ का विशेष जिक्र हुआ है। यह मिलेट यानी मोटे अनाज के उत्पादन और विकास से जुड़ी बातचीत के संदर्भ में आया है। प्रधानमंत्री मोदी ने श्रोताओं से कहा, जब छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जाने का मौका मिले तो मिलेट कैफे जाकर वहां के व्यंजनों का आनंद जरूर उठाएं। इस कैफे में रागी से बने पास्ता, चीला, इडली, मंचूरियन, मोमोज, पिज्जा, नूडल, दोसा, कोदो से बनी बिरयानी का स्वाद लिया जा सकता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जिस मिलेट कैफे का जिक्र किया है, वह रायगढ़ के नटवर स्कूल के पास चल रहा है। इसकी शुरुआत तत्कालीन कलेक्टर भीम सिंह ने मई 2022 में की थी। यह छत्तीसगढ़ का पहला मिलेट कैफै है। यहां पर रागी, कोदो, कुटकी जैसे मोटे अनाजों से बने लजीज व्यंजन परोसे जाते हैं। जिसमें स्वाद के मई साथ सेहत की जुगलबंदी होती है। इसके संचालन का जिम्मा पूरी तरह महिलाओं के हाथों में है। विकास संघ महिला समूह से जुड़ी महिलाएं यह कैफे चला रही हैं। इसमें तकनीकी सहयोग महिला बाल विकास विभाग और ट्रांसफॉर्मिंग रूरल इंडिया फाउंडेशन द्वारा दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में पहली बार महिला स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए महिला समूहों के लिए मिलेट्स आधारित कैफे की शुरुआत की गयी थी। बाद में धीरे-धीरे प्रदेश भर में ऐसे कई मिलेट्स कैफे खुल रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, हमारे यहां मिलेट का रकबा भी बढ़ा है, उत्पादन भी बढ़ा है। उसको लेकर पूरा प्रोग्राम तैयार है। मिलेट कैफे भी हमारे यहां शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंत्रियों-विधायकों को मिलेट्स के व्यंजनों का भोज भी दिया था। उस भोज में केवल कोदो-कुटकी, रागी आदि से बने व्यंजन परोसे गए।

प्रदेश के 14 जिलों में मिलेट्स मिशन

छत्तीसगढ़ में रागी, कोदो, कुटकी जैसे मोटे अनाजों और लघु धान्य फसलों की पैदावार बढ़ाने, इनकी खरीदी की अच्छी व्यवस्था और प्रोसेसिंग कर इन्हें शहर के बाजारों तक पहुंचाने के लिए मिलेट मिशन शुरू हुआ है। प्रदेश के 14 जिलों को इस मिशन में शामिल किया गया है। इसके लिए इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च हैदराबाद से करार हुआ है। इसके तहत इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च तकनीकी जानकारी, उच्च क्वालिटी के बीज की उपलब्धता और सीड बैंक की स्थापना के लिए सहयोग और मार्गदर्शन दे रहा है।

गोठानों में भी लगाए जा रहे प्रोसेसिंग प्लांट

छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी और रागी का ना सिर्फ समर्थन मूल्य घोषित किया गया अपितु समर्थन मूल्य पर खरीदी भी की जा रही है। इस पहल से छत्तीसगढ़ में मिलेट्स का रकबा डेढ़ गुना बढ़ा है और उत्पादन भी बढ़ा है। कांकेर जिले के नथिया-नवागांव में मिलेट्स का सबसे बड़ा प्रोसेसिंग प्लांट भी स्थापित किया जा चुका है। मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए गोठानों में विकसित किए जा रहे रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में मिलेट्स प्रोसेसिंग प्लांट लगाए जा रहे हैं।

सेहतमंद खानपान की पुरानी शैली को फिर से मिल रहा प्रोत्साहन

कई पीढिय़ों से रागी, कोदो जैसे अनाज हमारे आहार का प्रमुख हिस्सा हुआ करता था। किंतु आज इनका उपयोग सीमित हो गया है। ये अनाज सेहत के लिए जरूरी बहुत से पोषक तत्वों से युक्त होते हैं। ऐसे कैफे से लोगों को इन अनाजों से तैयार व्यंजन के रूप में सेहतमंद विकल्प मिल रहा है।