
दुर्ग। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आगे लड़की को बैठाकर रोमांस करते हुए घूमने वाले कपल को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जो लड़की बाइक पर बैठी थी वो अपने एक्स बॉयफ्रेंड को जलाने के लिए इस तरह की हरकत कर रही थी। जिस बाइक पर वो घूम रहे थे वो चोरी की है। कई लड़के लड़कियों का ग्रुप है जो इसी तरह सड़कों में घूमकर चेन स्नेचिंग और नशाखोरी का काम भी करते हैं।
दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने इन लड़कों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम को निर्देश दिया। टीम ने सिविक सेंटर से लेकर भेलवा तालाब नेहरू नगर को जाने वाले मार्ग के 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाला। फुटेज में लड़के लड़की की पहचान हुई।

आरोपी लड़के को फटकारते एसपी दुर्ग
फुटेज में मिले एक्टिवा सीजी 07 सीएफ 0919 नंबर की जब पुलिस ने तलाश की तो वो जवाहर नगर में एक घर के बाहर खड़ी मिली। मकान में जाकर पूछताछ करने पर बताया गया कि दो लड़कियां किराये से रह रही हैं। पूछताछ करने पर लड़कियों ने बताया कि वो एक्टिवा उनके दोस्त उदय सिंह और मोटर साइकिल दोस्त जावेद की है। वे लोग उसके साथ जयंती स्टेडियम जिम गए थे। वहां से लौटते समय जावेद ने लड़की को बाइक की टंकी पर बैठाकर घुमाया था। पुलिस ने उनके कब्जे से बाइक और एक्टिवा को जब्त कर लिया है। पुलिस ने दोनों लड़के और लड़कियों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
युवक-युवतियों को एसपी ने लगाई चौक पर फटकार
पुलिस ने आरोपी लड़के जावेद (27 साल) और दोनों लड़कियों को ग्लोब चौक पर बुलाया। एसपी ने सभी को चौक पर ही जमकर फटकारा और पूछताछ की। जावेद ने बताया कि वो शहर की पॉश कॉलोनी चौहान टाउन में रहता है। उसके पिता समीर अली की वैशाली नगर गुरुद्वारा के सामने फर्नीचर की दुकान है। एसपी ने उसे फटकारा कि इतने बड़े घर से होने के बाद भी इस तरह घटिया हरकत कर रहे हो। इतना ही नहीं अपनी रफ ड्राइविंग से दूसरे लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहे हो। एसपी ने दोनों लड़कियों को भी जमकर फटकार लगाई। दोनों लड़कियां बाहर से यहां कॉलेज की पढ़ाई करने आई हैं और यहां किराए से रहती हैं।

वो लड़कियां जो बाइक पर बैठकर कर रही थी अश्लील हरकतें।
डेढ़ लाख की बाइक को 9 हजार में खरीदा
एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि जिस बाइक पर जावेद लड़की को घुमा रहा था वो राजनांदगांव जिले की है। वहां से वो बाइक चोरी हो गई थी। चोरी करने वाले ने डेढ़ लाख की बाइक को जावेद को 9 हजार रुपए बेचा है। इतने सस्ते में बाइक खरीदना यह साबित करता है कि उसने यह जानते हुए बाइक खरीदी की वो चोरी की बाइक है। जावेद ने रोते हुए एसपी को बताया कि वो बाइक उसकी नहीं उसके दोस्त की है। उसने उससे चलाने के लिए मांगी थी। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।

वो चोरी की बाइक जिसमें घूमते हुए दिखे थे कपल।
पुलिस आगे भी करेगी सख्ती से पूछताछ
एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव का कहना है कि इस लड़के लड़कियों को संदिग्ध गतिविधियों में होना पाया गया है। इसलिए पुलिस इन पर नजर रख रही है। यदि कोई पुख्ता जानकारी मिली तो पुलिस रिमांड में लेकर इनसे सख्ती से पूछताछ करेगी।

इस तरह घूमे थे युवक और युवती पूरे शहर में।