
रायपुर। राजधानी में आज कांग्रेस सीएम हाउस का घेराव करेगी। घेराव से पहले नगर निगम के सामने एक जनसभा भी होगी। यहां प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेता के साथ कार्यकर्ता जुटेंगे। कांग्रेस का ये प्रदर्शन कानून व्यवस्था को लेकर है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस का दावा है कि, सिर्फ रायपुर में ही एक साल में 93 हत्याएं हुई है। कांग्रेस ने प्रदेशभर में एक साल में हुए अलग-अलग अपराधों के आंकड़े भी जारी किए हैं। बैज ने कहा कि, भाजपा सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हुई है और जनता डरी हुई है।
प्रदेश भर से जुटेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इस आंदोलन में प्रदेश के सभी जिलों से पार्टी नेता और कार्यकर्ता रायपुर पहुंच रहे हैं। रायपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के हर वार्ड से लोगों को आंदोलन में शामिल करने करने की तैयारी है।

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा- प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, आम आदमी डरा हुआ है।
सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही- दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, राज्य में भाजपा सरकार के 15 महीने पूरे होने के बाद भी कानून व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी है। प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, आम आदमी डरा हुआ है।
महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। आज हालत ये है कि कोई नशेड़ी या गुंडा कब किसे चाकू मार दे, इसका कोई भरोसा नहीं। भाजपा सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी, सियासी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
कांग्रेस के इस आंदोलन को पार्टी का एक बड़ा सियासी शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आंदोलन में प्रदेश के सभी विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। राजधानी में होने वाले इस प्रदर्शन से कांग्रेस राज्य सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश में है।
पार्टी स्तर पर कसी कमान
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि, राजधानी और आसपास के क्षेत्रों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए सभी जमीनी स्तर के पदाधिकारियों को सक्रिय किया गया है। इस सरकार को जगाने का वक्त आ गया है। आंकड़े सबके सामने हैं और हालात हर दिन बदतर होते जा रहे हैं।