छत्तीसगढ़ः दो चोर गिरोह में जमकर मारपीट, दो की मौत, रॉड, हॉकी स्टीक लेकर युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर मार डाला, मुखबिरी को लेकर हुआ था विवाद

दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या - Dainik Bhaskar

भिलाई। भिलाई में बीती रात दो चोर गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक गुट ने हॉकी स्टीक, रॉड, ईट और पत्थर से दूसरे गुट पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक कुछ दिन पहले ही चोरी के केस में जेल जा चुका है। इस मामले में अब तक 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

सीएसपी छावनी प्रभात कुमार ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया में चोरी करने वाले दो चोर गिरोहों के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें पहला ग्रुप सूरज चौधरी और मनोज चौधरी का था और दूसरा ग्रुप राहुल और संतोष यादव का था। ये लोग इंडस्ट्रियल एरिया में रात में चोरी करते थे। ट्रक पार करते थे।

मृतक मनोज चौधरी।

मृतक मनोज चौधरी।

सूरज और राहुल एक दूसरे पर आरोप लगा रहे थे कि वे चोरी करते हैं तो दूसरा ग्रुप उसकी मुखबिरी करता है और उन्हें पकड़वा देता है। इस बात को लेकर तीन दिनों से दोनों गुटों में झगड़ा हो रहा था। बीती देर रात झगड़ा इतना बढ़ गया कि राहुल, संतोष यादव, आमिर खान, भुरू उसका भाई अक्षय ने जानलेवा हमला कर सूरज चौधरी और मनोज मनोज चौधरी की हत्या कर दी।

मृतक सूरज चौधरी।

मृतक सूरज चौधरी।

खुर्सीपार से बुलाए थे 15-20 लड़के
चोरी की मुखबिरी करने के मामले को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि राहुल गुट ने खुर्सीपार से 15-20 लड़के बुला लिए। सभी लोग हॉकी राड, डंडा और पत्थर लेकर गए और सूरज और उसके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया। ये लोग पूरी रात दूसरे गुट को दौड़ा दौड़ाकर मारते रहे। जब तक भिलाई तीन पुलिस मौके पर पहुंची वहां दो लोगों की मौत हो चुकी है।

15 आरोपी गिरफ्तार 2 की तलाश जारी
सीएसपी छावनी ने बताया कि मामले में 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दो आरोपियों को और पहचान हुई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

एचटीसी के सामने हुई वारदात
ये हत्या की वारदात हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के सामने हुई है। तीन दिन पहले ही इस कंपनी के संचालक इंद्रजीत सिंह उर्फ छोटू को जान से मारने की धमकी मिली थी। आरोपियों ने सोचा था कि वे लोग दूसरे गुट के लोगों की उसी कंपनी के सामने हत्या कर देंगे और आरोप दो बड़े ट्रांसपोर्टर्स के झगड़े पर आ जाएगा, लेकिन वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे ने सारी पोल खोल दी।