नारायणपुरः तनाव के बीच शांति बनाने बैठक, IG बोले- सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों पर करेंगे कार्रवाई, अफवाहों से बचें

अफसरों ने बैठक ली। - Dainik Bhaskar

नारायणपुर। जिले में तनावपूर्ण माहौल के बीच शांति स्थापित करने IG, कलेक्टर ने जिले के जनप्रतिनिधि, व्यापारी समेत विभिन्न वर्गों के साथ बैठक ली है। इस बैठक में बस्तर IG सुंदरराज पी ने कहा कि, नारायणपुर की घटना को लेकर अगर कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया में भ्रामक पोस्ट शेयर करता है तो उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नारायणपुर में शांति स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। अफसरों का दावा है कि, अभी जिले में स्थिति कंट्रोल में है।

दरअसल, सोमवार को उपद्रावियों ने चर्च में तोड़फोड़ की थी। SP समेत पुलिस कर्मियों की पिटाई की थी। जिसके बाद से माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया था। पुलिस ने भाजपा के जिला अध्यक्ष और आदिवासी लीडर रूपसाय सलाम समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। अगले दिन कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। जिसके बाद से भाजपाइयों में भी पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर आक्रोश देखने को मिला। भाजपा के नेताओं ने कहा कि, पुलिस ने निर्दोष लोगों को पकड़कर जेल में डाला है।

सुरक्षा के हैं पुख्ता इंतजाम

दरअसल, नारायणपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे में जवानों की तैनाती की गई है। बॉर्डर इलाकों में जवान आने-जाने वाली वाहनों की तलाशी ले रहे हैं। DRG, ITBP, STF, CAF समेत अन्य बटालियन के जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही कोंडागांव, कांकेर समेत अन्य जिलों से भी पुलिस फोर्स को बुलाया गया है। ऐसा बताया जा रहा है कि, अंदरूनी इलाकों में पुलिस फोर्स को भी भेजा गया है। पुलिस शहर में भीड़ इकट्ठा होने नहीं दे रही है।

शांति बनाने की गई अपील

बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि, जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों की नामजद ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी प्रकार की कोई सूचना मिलती है, तो इन अधिकारियों से संपर्क कर इसकी जानकारी दें। उन्होंने यह भी कहा कि, जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाएं रखने जिला एवं पुलिस प्रशासन पुख्ता इंतजाम कर रखे हैं। साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं समाज प्रमुखों से चर्चा कर उन्हें क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल तैयार करने की अपील की गई है।