PAK vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ हारते-हारते बचा पाकिस्तान, खराब रोशनी ने बाबर आजम को शर्मसार होने से बचाया

पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड

कराची। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार (30 दिसंबर) को ड्रॉ हो गया। मैच के पांचवें दिन पाकिस्तान ने दूसरी पारी में आठ विकेट पर 311 रन (पारी घोषित) बनाए। न्यूजीलैंड को जीत के लिए आखिरी एक घंटे में 138 रन बनाने थे। इस दौरान 15 ओवर फेंके जा सकते थे। उसकी पारी में जब 7.3 ओवर का खेल होने के बाद अंपायरों ने खराब रोशनी के कारण मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया। कीवी टीम ने एक विकेट पर 61 रन बना लिए थे।

मैच समाप्ति की घोषणा के समय टॉम लाथम 24 गेंद पर 35 और डेवोन कॉन्वे 16 गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद थे। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी कर ली थी। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 77 रन बनाने थे। 7.3 ओवर का खेल बाकी था। अगर मैच खराब रोशनी के कारण नहीं होता तो न्यूजीलैंड यह मैच जीत सकती थी। उसके पास नौ विकेट थे और वह जोखिम उठा सकता था। साथ ही लाथम और कॉन्वे क्रीज पर जम गए थे। खराब रोशनी ने पाकिस्तान को हार से बचा लिया।

पाकिस्तान ने पहली पारी में 438 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में नौ विकेट पर 612 रन (पारी घोषित) बनाए थे। इस तरह उसे पहली पारी में 174 रनों की बढ़त हासिल हुई। पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी में आठ विकेट पर 311 रन बना लिए थे। उस समय साउद शकील 108 गेंद पर 55 रन और मीर हमजा 34 गेंद पर तीन रन बनाकर नाबाद थे। बाबर आजम ने बहादुरी दिखाते पारी घोषित करने का एलान कर दिया। उस समय पाकिस्तान चाहता तो ज्यादा से ज्यादा ओवर खेलकर न्यूजीलैंड को जीत से पूरी तरह दूर कर देता।

बाबर ने जैसे ही पारी घोषित की तो न्यूजीलैंड की उम्मीदें जग गईं। उसके सामने टी20 की तरह खेलने की चुनौती थी। न्यूजीलैंड ने ठीक ऐसा ही किया। मैदान पर कप्तान बाबर आजम और ड्रेसिंग रूम में कोच सकलैन मुश्ताक की चिंता बढ़ने लगी थी। ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत हासिल कर लेगी। हालांकि, खराब रोशनी ने उसका खेल खराब कर दिया।

पाकिस्तान के लिए पहली पारी में बाबर आजम ने 161, आगा सलमान ने 103 और सरफराज अहमद ने 86 रन बनाए थे। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए पहली पारी में केन विलियम्सन ने नाबाद 200, टॉम लाथम ने 113 और ईश सोढ़ी ने 65 रन बनाए। दूसरी पारी में पाकिस्तान के लिए इमाम उल हक ने 96 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। सरफराज अहमद ने दूसरी पारी में भी अर्धशतक लगाकर अपनी जगह पक्की कर ली। उन्होंने 53 रन बनाए। दोनों टीमों के बीच अब दूसरा टेस्ट कराची में ही दो जनवरी से खेला जाएगा।