बिलासपुरःहिस्ट्रीशिटर कांग्रेस नेता की हत्या का रायगढ़ कनेक्शन, मास्टर माइंड कपिल ने अपने दोस्त प्रेम श्रीवास के जरिए खरीदा था 2 पिस्टल और कारतूस, सप्लायर गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस की गिरफ्त में आए हथियार सप्लायर। - Dainik Bhaskar

बिलासपुर। हिस्ट्रीशिटर कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी के मर्डर केस में रायगढ़ कनेक्शन का खुलासा हुआ है। रायगढ़ पुलिस ने मास्टर माइंड कपिल त्रिपाठी को हथियार सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि हत्या की साजिश रचने वाला कपिल त्रिपाठी ने अपने दोस्त प्रेम श्रीवास के माध्यम से इन युवकों से दो पिस्टल और कारतूस खरीदा था।

संजू केस की जांच शुरू होने के बाद दोनों सप्लायर बांगलादेश भागने के फिराक में थे, तभी स्टेशन में पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। दोनों सप्लायरों से दो पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया गया है। इधर, बिलासपुर पुलिस ने कपिल त्रिपाठी समेत 9 आरोपियों को जेल भेज दिया है। शूटर्स की जानकारी जुटाने के लिए फिर से रिमांड पर लिया गया है।

दोनों सप्लायरों से पिस्टल और कारतूस बरामद किया गया है।

दोनों सप्लायरों से पिस्टल और कारतूस बरामद किया गया है।

सकरी बाइपास में कुदुदंड निवासी संजू त्रिपाठी की 14 दिसंबर की शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस की टीम शूटर्स की तलाश कर रही है। इस बीच रायगढ़ पुलिस ने नरेश उर्फ नान्हू यादव नाम के युवक को 7.65 एमएम देशी पिस्टल के साथ पकड़ा था। एसपी अभिषेक मीणा ने बताया कि नरेश से पूछताछ में पुलिस को रायगढ़ के ही चांदनी चौक निवासी युसूफ अंसारी (25) की जानकारी मिली। पूछताछ में यह भी पता चला कि झारखंड के पलामू जिले के नवाजयपुर निवासी एजाज अंसारी (25) ने उसे 50 हजार रुपए में पिस्टल बेचा था।

पुलिस इन दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। तभी गुरुवार को रेलवे स्टेशन से उन्हें दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी युसूफ ने बताया कि वह टेक्सी ड्राइवर का काम करता है। जिसके जरिए से उसकी पहचान एक साल पहले झारखंड में रहने वाले एजाज अंसारी से हुई। एक साल पहले उसने एजाज से एक पिस्टल खरीदा। इसे रायगढ़ में लाकर नरेश उर्फ नानू यादव के पास बेच दिया। उसके बाद इसी साल अक्टूबर में झारखंड जाकर एक पिस्टल और 16 कारतूस लेकर आया। इसके लिए उसे ग्राहक नहीं मिल रहा था।

इसी बीच उसका परिचय बिलासपुर में रहने वाले सटोरिए प्रेम उर्फ बजरंग श्रीवास से हुआ। सटोरिए ने उससे 14 कारतूस खरीद लिया। इसके बाद नवंबर महीने में बजरंग ने युसूफ से फिर संपर्क किया। उसने युसूफ को बिलासपुर बुलाया। यहां युसूफ को कपिल त्रिपाठी से मिलाया। कपिल ने पारिवारिक झगड़े की जानकारी देकर संजू की हत्या कराने कहा। युसूफ बाद में बताने की बात कहकर रायगढ़ लौट गया। बाद में बजरंग ने उसे फोन कर दो पिस्टल खरीदने की बात कही। इस पर युसूफ उन्हें रायगढ़ बुलाया। रायगढ़ से कपिल और बजरंग को लेकर युसूफ अंबिकापुर गया। वहां एजाज पहले से मौजूद था। आरोपी कपिल और बजरंग को पिस्टल दिलाने के बाद युसूफ बस से रायगढ़ लौट गया।

संजू के भाई कपिल त्रिपाठी ने रची थी हत्या की साजिश।

संजू के भाई कपिल त्रिपाठी ने रची थी हत्या की साजिश।

बंगलादेश भागने की फिराक में थे दोनों आरोपी
इधर कपिल और बजरंग ने पिस्टल खरीदीने के बाद शूटर्स बुलाकर संजू त्रिपाठी की हत्या करा दी। संजू त्रिपाठी मर्डर केस में एसएसपी पारुल माथुर ने रायगढ़ एसपी अभिषेक मीणा से भी जानकारी ली थी। तब हथियार सप्लायरों की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने नरेश यादव को पकड़ लिया। इन दोनों आरोपियों को भी इसकी जानकारी मिली, तब पकड़े जाने के डर से युसूफ और एजाज बांगलादेश भागने के फिराक में थे। बिलासपुर पुलिस अब दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर लेकर आएगी। इसके लिए एसएसपी पारुल माथुर ने सकरी थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने कपिल समेत 9 आरोपियों को जेल भेज दिया है।

पुलिस ने कपिल समेत 9 आरोपियों को जेल भेज दिया है।

मास्टर माइंड कपिल सहित नौ गए जेल, प्रेम का लिया रिमांड
संजू त्रिपाठी की हत्या के केस में पुलिस ने मास्टर माइंड कपिल समेत 10 आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। उनका पुलिस रिमांड खत्म हो रहा था। कोर्ट ने कपिल समेत 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं, शूटर्स की जानकारी जुटाने के लिए प्रेम उर्फ बजरंग श्रीवास को फिर से पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सकरी थाना प्रभारी सागर पाठक ने बताया कि प्रेम श्रीवास ने ही शूटर्स बुलाया था। लिहाजा, उससे शूटर्स की जानकारी ली जाएगी। यही वजह है कि उसे फिर से रिमांड पर लिया गया है। दरअसल, इस केस में अब तक न तो शूटर्स का पता चला है और न ही वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद हुआ है।