जांजगीरः पिकनिक मनाने गए थे 8 दोस्त, 2 नदी में डूबे, नहाने के दौरान गहराई में जाने से हादसा; कई घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं

नहाने के दौरान गहराई में जाने से हादसा; कई घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं|जांजगीर चांपा,janjgir champa - Dainik Bhaskar

जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले में 2 छात्र नदी में डूब गए हैं। 8 दोस्त पिकनिक मनाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान हसदेव नदी में नहाने के दौरान यह हादसा हो गया है। घटना के बाद कई घंटे बीत जाने के बाद भी इन दोनों का कुछ पता नहीं चल सका है। मामला बलौदा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बलौदा निवासी प्रांजल देवांगन(17) और दिव्यांश कटकवार(16) अपने 6 और दोस्तों के साथ मंगलवार को पिकनिक स्पाँट देवरी चिचोली गए थे। यहां सभी ने पहले खाना खाया। इसके बाद दिव्यांश और प्रांजल हसदेव नदी में नहाने चले गए थे।

बताया जा रहा है कि दिव्यांश और प्रांजल नदी में जिस वक्त नहाने गए थे। बाकी के दोस्त बाहर ही घूम रहे थे। दोनों नहा रहे थे। इसी बीच दोपहर को करीब 3 बजे दोनों के चिल्लाने की आवाज आने लगी। दोनों गहराई में चले गए थे। इसी दौरान बाकी के साथियों ने उन्हें डूबता हुआ देखा। इस पर कुछ ने नदी में छलांग भी लगाई। मगर तब तक दोनों नदी में डूब चुके थे।

घटना के बाद छात्रों ने दोनों की काफी तलाश की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस बीच इन्हीं छात्रों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। जिसके बाद गोताखोर और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिर रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया। मगर देर शाम तक दोनों का कुछ पता नहीं चल सका है।

11वीं के छात्र थे दोनों

अब मंगलवार को रात हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया है। बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। जो बुधवार सुबह से इनकी तलाश करेगी। उधर जब से परिजनों को इस बात की खबर मिली है। तब से उनका रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें उम्मीद है कि उनके बच्चे वापस आ जाएंगे। दोनों 11वीं कक्षा के छात्र थे। जो बलौदा के ही अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ़ रहे थे।