छत्तीसगढ़ः दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, हादसे में पति की मौत, पत्नी समेत 3 लोग घायल; लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश

धमतरी। जिले के मगरलोड में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक शख्स की मौत हो गई, वहीं उसकी पत्नी घायल है। कल दोपहर करीब 1.30 बजे मगरलोड के चुचरुंगपुर के पास 2 बाइक की आपस में भिड़ंत हो गई। जिसमें मुरमुरा निवासी नारायण साहू (56 वर्ष) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उसकी पत्नी अंजलि साहू (50 वर्ष) घायल हो गई। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

वहीं दूसरी बाइक पर सवार फिंगेश्वर निवासी नूतन साहू (25 वर्ष) और सोरिद निवासी देवनारायण बंजारे (18 वर्ष) भी घायल है। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को ही विंध्यवासिनी मंदिर के सामने हुए एक और सड़क हादसे में दो स्टूडेंट घायल हो गए। दोनों विद्यार्थी पंजीयन कार्य के लिए कलेक्टोरेट जा रहे थे। नो एंट्री के समय हाईवा के घुसने पर लोगों में आक्रोश है। सुबह 11 बजे प्रतिबंधित समय पर हाईवा (क्रमांक सीजी 16 सीजे 8920) चालक ने विंध्यवासिनी मंदिर के सामने से गुजरते समय मोड़ के पास एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

घायल छात्र गोविंद पाल।

घायल छात्र गोविंद पाल।

हादसे में छात्र गोविंद पाल (21 वर्ष) और छात्रा मनीषा कुर्रे (19 वर्ष) दोनों घायल हो गए। दोनों स्टूडेंट बंजारी कुरूद के रहने वाले हैं। वहीं उनकी बाइक हाईवा के चक्के के नीचे जाकर फंस गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए ऑटो से जिला अस्पताल भेजा गया। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ।

घायल को अस्पताल ले जाते हुए लोग।

घायल को अस्पताल ले जाते हुए लोग।

15 दिसंबर को भी गई थी 2 लोगों की जान

15 दिसंबर को केरेगांव थाना क्षेत्र के छुही और बोरसी के बीच हादसा हुआ। यहां शाम करीब 7 बजे दो बाइक आमने-सामने टकरा गई थी। हादसे में छुही निवासी रामनाथ ध्रुव (45 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार अमरचंद (39 वर्ष) और एक अन्य बाइक चालक एस कुमार साल्हेभाट निवासी को चोट आई है। दोनों घायलों का जिला अस्पताल धमतरी में इलाज जारी है। शुक्रवार को मृतक रामनाथ ध्रुव के शव का पोस्टमॉर्टम पुलिस ने कराया।