Video: बांग्लादेश में कोहली ने किया डांस, ईशान के दोहरे शतक का कुछ इस तरह मनाया जश्न, राहुल द्रविड़ भी उछले

विराट कोहली और ईशान किशन

चटगांव। बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में ईशान किशन ने शानदार दोहरा शतक लगाया। उन्होंने 131 गेंद की पारी में 210 रन बनाए। ईशान ने 24 चौके और 10 छक्के लगाए। वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के चौथे और कुल सातवें बल्लेबाज हैं। किशन अपना पहला वनडे शतक लगाने के बाद खुशी से झूमने लगे। उनके साथ विराट कोहली ने भी डांस किया।

किशन और कोहली के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ईशान के दोहरे शतक पर उनसे ज्यादा खुश कोहली दिखाई दिए। उन्होंने भांगड़ा स्टाइल में डांस किया। इसमें ईशान भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने पूर्व कप्तान का भरपूर साथ दिया। कोहली ने भी मैच में शतकीय पारी खेली। उन्होंने 91 गेंद पर 113 रन बनाए। कोहली ने 11 चौके और दो छक्के लगाए।

ईशान के दोहरे पर सिर्फ कोहली ही खुश नहीं हुए। कोच राहुल द्रविड़ भी जश्न मनाते नजर आए। ज्यादातर मौकों पर शांत दिखने वाले द्रविड़ अपनी सीट पर से उछल गए। उन्होंने ईशान के लिए जमकर तालियां बजाईं। 2016 में जब ईशान किशन अंडर-19 विश्व कप में टीम इंडिया के कप्तान थे तब  द्रविड़ उस टीम के कोच थे। 

किशन वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। किशन 131 गेंद पर 210 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 24 चौके और 10 छक्के लगाए। किशन ने 126 गेंद पर अपना दोहरा शतक लगाया। क्रिस गेल की बात करें तो उन्होंने 2015 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 215 रन की पारी खेली थी। गेल ने ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में 138 गेंद पर दोहरा शतक लगाया था।