उपचुनाव की सभी सीटों पर हार रही भाजपा, डिंपल यादव एक लाख वोट से आगे 

नई दिल्ली। देशभर के पांच राज्यों की छह विधानसभा सीटों के नतीजे आज जारी होंगे। इसके साथ ही मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आएंगे। यहां सपा संरक्षक व दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव की विरासत दांव पर लगी है। उपचुनाव वाले पांच राज्यों में यूपी की रामपुर सदर व खतौली, ओडिशा की पदमपुर, राजस्थान की सरदारशहर, बिहार की कुढ़नी और छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट शामिल है।

डिंपल यादव एक लाख वोट से आगे 

उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव ने बड़ी बढ़त बना ली है। अब तक के नतीजों के मुताबिक, डिंपल यादव 110245 वोटों से आगे चल रही हैं। 

छत्तीसगढ़: कांग्रेस की सावित्री चल रहीं आगे 

छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस की सावित्री मंडावी 15926 वोटों से आगे चल रही हैं। अब तक 10वें राउंड की काउंटिंग में कांग्रेस को कुल 33823, आदिवासी समाज को 16650, भाजपा को 17897 वोट मिले हैं। 14 टेबल पर 256 EVM के लिए 19 राउंड में काउंटिंग हो रही है।

ओडिशा: पदमपुर में बीजद को बढ़त 

ओडिशा की पदमपुर विधानसभा सीट पर भी भाजपा काफी पीछे हो गई है। यहां बीजद प्रत्याशी ने 15 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाई हुई है। 

राजस्थान: सरदारशहर में कांग्रेस 19 हजार वोट से आगे 

राजस्थान की सरदारशहर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी काफी आगे चल रहे हैं । यहां कांग्रेस के अनिल कुमार शर्मा अपने भाजपा प्रतिद्वंदी से 19 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। 

बिहार के कुढ़नी में कांटे का मुकाबला 

बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जदयू और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां जदयू प्रत्याशी अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंदी से महज 1143 वोटों से आगे चल रहे हैं। 

यूपी की सभी सीटों पर भाजपा का हाल बेहाल

उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट के साथ-साथ खतौली-रामपुर विधानसभा सीटों पर भी भाजपा पीछे चल रही है।