Himachal Election: कांग्रेस हाईकमान शिमला के लिए रवाना, विधायकों को एक जगह बुलाया, छत्तीसगढ़ भेजने की तैयारी

शिमला में हॉलीलाज पहुंचने लगे कांग्रेस कार्यकर्ता।

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों के शुरुआती रूझान आ चुके हैं। इसके अनुसार सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी से कांग्रेस आगे निकल गई है। कांग्रेस बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़े के अनुसार, कांग्रेस 38 सीटों पर आगे है और एक सीट जीत चुकी है। अब तक भाजपा दो सीट जीत चुकी है और 24 सीटों पर लीड कर रही है। तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं। हालांकि सात सीटें ऐसी भी हैं, जहां इस वक्त भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। इन सीटों पर टॉप-2 उम्मीदवारों के बीच मतों का अंतर 500 से भी कम है। यहां सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को कम से कम 35 सीटों की जरूरत पड़ती है। इस बार विधानसभा चुनाव में कुल 412 प्रत्याशी मैदान में थे। प्रदेश में शुरुआती रूझान कांग्रेस के पक्ष में नजर आने से हाईकमान ने अगली रणनीति बनानी शुरू कर दी है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए भूपिंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला पूरी नजर जमाए हुए हैं।

चार सह प्रभारियों को यूं तो दो दिन पहले ही चारों संसदीय क्षेत्रों का जिम्मा सौंपा गया है। हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक माइक्रो ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए गए हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों से भी संपर्क बनाए हुए हैं। सभी बड़े नेताओं को दोपहर तक शिमला बुलाया जा रहा है। उनका सुरक्षा घेरा भी बढ़ाया गया है।  

यह भी बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायकों को पहले किसी गुप्त जगह पर बुलाकर इकट्ठा किया जाएगा। इसके बाद सभी को छत्तीसगढ़ भेजने की भी योजना है।