यूपी में तीनों सीटों पर भाजपा पीछे, गुजरात में और मजबूत हुई, हिमाचल ने उलझाया

नई दिल्ली। गुजरात में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करती दिखाई दे रही है। काउंटिंग के रुझानों के मुताबिक भाजपा 182 में से 151 सीटों पर आगे है। अगर ये रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो भाजपा 1985 में कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड तोड़ देगी।उधर हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। रुझानों में कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर है। भाजपा 31 सीटों पर आगे चल रही है तो कांग्रेस को 34 सीटों पर बढ़त मिली है। वहीं, निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार 4 सीटों पर आगे चल रहे हैं। AAP अभी खाता नहीं खोल पाई है। प्रदेश में 37 साल पुरानी परंपरा कायम रहेगी या नया इतिहास बनेगा, ये आज दोपहर तक साफ हो जाएगा।उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट और खतौली-रामपुर विधानसभा सीटों पर भाजपा पीछे चल रही है। वहीं छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर और राजस्थान की सरदारशहर सीट पर कांग्रेस ने बढ़त बना ली है।

गुजरात में 1985 के विधानसभा चुनाव में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में कांग्रेस ने 149 सीटें जीती थीं। भाजपा 150 का आंकड़ा पार करने पर अपनी जीत का नया बेंचमार्क तो बनाएगी ही, साथ ही साथ कांग्रेस की जीत का रिकॉर्ड भी तोड़ देगी।

भाजपा 150 के पार, कांग्रेस 25 के अंदर सिमटी
गुजरात में कुल 182 सीटों के रुझानों में भाजपा एकतरफा बढ़त लेकर 151 सीटों पर आगे है। कांग्रेस 18 और आम आदमी पार्टी 7 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इधर, निर्दलीय और अन्य कैंडिडेट्स के खाते में 6 सीटें जाती दिखाई दे रही हैं। गुजरात में आज सुबह 8 बजे से पहले आधे घंटे में पोस्टल बैलेट्स की गिनती के बाद EVM से काउंटिंग शुरू हुई थी।

बड़ी सीटों में जामनगर से भाजपा की रीवाबा, अहमदाबाद से CM भूपेंद्र पटेल, वीरमगाम से भाजपा के हार्दिक पटेल आगे चल रहे हैं। भाजपा की लीड को देखते हुए पार्टी समर्थकों ने जश्न शुरू कर दिया है। AAP के CM कैंडिडेट इशुदान गढ़वी भी लीड बनाए हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश में 1985 के बाद कोई पार्टी अपनी सरकार रिपीट नहीं कर पाई है। तब कांग्रेस की सरकार थी और मुख्यमंत्री थे वीरभद्र सिंह। इस बार सबकी नजर इसी बात पर है कि क्या पहाड़ पर सरकार बदलने का ट्रेंड जारी रहेगा या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे के सहारे भाजपा इस रिवाज को बदलने में कामयाब रहेगी।

अपडेट्स….

  • शिमला ग्रामीण से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व CM दिवंगत वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह कुल 7233 मतों से आगे चल रहे हैं।
  • CM जयराम ठाकुर अपने निर्वाचन क्षेत्र सेराज में कुल 14,921 मतों से आगे चल रहे हैं।
  • निर्दलीय उम्मीदवार केएल ठाकुर, नालागढ़ और और हितेश्वर सिंह बंजार विधानसभा क्षेत्रों से आगे चल रहे हैं।
  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के गृह जिले की चार में से 2 सीटों पर BJP और दो सीटों पर कांग्रेस आगे है।
  • हिमाचल में 9.25 बजे तक वोट शेयर: कांग्रेस-44.7% वोट, BJP-40.8% और अन्य -12.1%।
  • शुरुआती रुझान में भाजपा को बहुमत मिलने के बाद हिमाचल BJP अध्यक्ष सुरेश कश्यप प्रदेश पार्टी कार्यालय पहुंच गए हैं

राजस्थान में कांग्रेस को बढ़त

राजस्थान के चुरु जिले की सरदारशहर विधानसभा सीट से कांग्रेस आगे चल रही है। यहां कांग्रेस के अनिल शर्मा 7800 वोटों से आगे चल रहे हैं। 

उपचुनाव में कहां से कौन आगे 

कुढ़नी(बिहार)- भाजपा 
पदमपुर(ओडिशा)- बीजद 
सरदाशहर (राजस्थान)- कांग्रेस 
रामपुर (यूपी)- सपा 

खतौली -गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया आगे
भानुप्रतापपुर (छत्तीसगढ़)- कांग्रेस  

मैनपुरी में डिंपल आगे

मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनावों में दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव की विरासत दांव पर लगी है। शुरुआती रुझानों में यहां सपा प्रत्याशी डिंपल यादव आगे चल रही हैं। 


———