बिलासपुरःमहिला को बेहोश कर जेवर और पैसे पार, नशीला पदार्थ सूंघाकर किया बेहोश, बर्तन बेचने के बहाने आई थीं दो महिलाएं

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में महिला चोरों का गैंग सक्रिय हो गया है, जिन्होंने महिला को बेहोश कर जेवर पार कर दिया। बर्तन बेचने के बहाने घूम रहीं दो महिलाएं पीड़िता के घर आईं और उसे नशीला पदार्थ सूंघाकर बेहोश कर दिया और सोने-चांदी के गहने लेकर चंपत हो गईं। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

ग्राम परसदा निवासी दामिनी यादव गृहणी हैं। मंगलवार की सुबह वह अपने घर पर अकेली थीं। इस दौरान वह घर के आंगन में अपने सोने-चांदी के गहनों की सफाई कर रही थीं। तभी एक महिला बर्तन बेचने के बहाने उनके आंगन तक पहुंच गई। महिला के पीछे युवती भी थी। उन्होंने दामिनी को बर्तन खरीदने के लिए बोला। तब उन्होंने मना कर दिया।

गहनों को देखकर पकड़कर सूंघा दिया नशीला पदार्थ
अनजान महिलाओं को देखकर दामिनी अपने गहनों को लेकर अंदर कमरे की तरफ जाने लगी। तभी पीछे से आ रही महिला ने उसे पकड़ लिया और दूसरी महिला ने कुछ नशीला पदार्थ सूंघा दी, जिससे वह बेहोश होकर जमीन में गिर गई। इसके बाद दोनों महिला जेवर लेकर भाग निकलीं।

पड़ोसी महिला ने छिड़का पानी, तब आया होश 
इधर, दामिनी यादव आंगन में काफी देर तक बेहोश पड़ी थी। तभी अचानक पड़ोसी महिला ने उसे आंगन में जमीन पर पड़ी देखकर दौड़ कर उसके पास पहुंची। महिला ने पानी छिड़ककर उसे होश में लाने का प्रयास किया। महिला को कुछ समझ नहीं आ रहा था। उसे लगा कि वह बीमार होकर बेहोश हो गई है। तभी पानी छिड़कने के कुछ देर बाद दामिनी होश में आ गई। फिर उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में यह खबर गांव में फैल गई और सभी ने मिलकर महिलाओं की तलाश शुरू कर दी। बाद में उन्होंने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस केस दर्ज कर दोनों महिलाओं की जानकारी जुटा रही है।