बिलासपुर : बंद स्वीमिंग पुल के अंदर घुसे तीन बालक, एक की डूबने से मौत

बिलासपुर। सरकंडा स्थित खेल परिसर के स्वीमिंग पुल में तीन बच्चे नहा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा गहराई में चला गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। इस दौरान स्वीमिंग पुल का स्टाफ गायब था। सरकंडा पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

चिंगराजपारा रामनगर निवासी विवेक शुक्ला पिता बब्लू उर्फ राम प्रसाद(12) शनिवार की दोपहर 12.30 बजे अपने दो अन्य साथियों के साथ खेल परिसर पहुंचा। तीनों बच्चों ने स्वीमिंग पुल में नहाने की योजना बनाई। इस दौरान स्वीमिंग पुल बंद था और दरवाजा में ताला लगा हुआ था। पुल के पीछे की दीवार टूटी हुई है। इसका फायदा उठाते हुए विवेक अपने दोनों साथियों के साथ पुल के अंदर घुस गया। तीनों स्वीमिंग पुल में नहाने लगे। दोपहर 1.30 बजे विवेक गहराई में लगा गया। उसे डूबते हुए देकर दोनों साथी बाहर निकले और विवेक के घर जाकर स्वजन को घटना की जानकारी दी। विवेक के पिता राम प्रसाद स्वीमिंग पुल पहुंचे और पानी के अंदर से विवेक को बाहर निकालकर सिम्स ले गया।

वहां के डाक्टर ने जांच करने के बाद विवेक को मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों ने सरकंडा पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम दोनों बच्चे और स्वजन से पूछताछ की। साथ ही घटना स्थल स्वीमिंग पुल की जांच करने पहुंची। स्टाफ से भी पूछताछ किया। स्टाफ का कहना है कि घटना के समय स्वीमिंग पुल बंद था। तीनों बच्चे गलत तरीके से अंदर घुस गए थे। सरकंडा थाना प्रभारी उत्तम साहू ने बताया कि दीवार फंदकर तीन बच्चे स्वीमिंग पुल में नहा रहे थे। इसी दौरान गहराई में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। बिना सूचना दिए स्वजन शव को सिम्स ले गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच आगे बढ़ेगी।