छत्तीसगढ़ः ‘मिशन 2023’ के लिए JCCJ का बड़ा दांव,निकलेगी ‘जोगी जन अधिकार पदयात्रा’, 300 किमी तय कर गिरौदपुरी पहुंचेंगे अमित 

रायपुर। कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा के शोर के बीच छत्तीसगढ़ में एक चुनावी पदयात्रा की तैयारियां तेज हैं। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ इसी महीने से “जोगी जन अधिकार पदयात्रा’ निकालने जा रही है। इसका नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी करने वाले हैं। इसका पहला चरण 300 किमी का होगा।

अमित जोगी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, 2023 के विधानसभा चुनाव में लगभग 350 दिन बाकी है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) इसी महीने से अपनी चुनावी तैयारी का आगाज़ करने जा रही है। इसके तहत “जोगी जन अधिकार’ पदयात्रा पूरे छत्तीसगढ़ में आयोजित होगी। मैं स्वयं इस यात्रा का नेतृत्व करुंगा और छत्तीसगढ़ के हर वर्ग और हर जाति के लोगों तक अपने विजन को पहुंचाउंगा। अमित जोगी ने बताया, पहले चरण में यह पदयात्रा 300 किलोमीटर की होगी। इस दौरान छह विधानसभा क्षेत्रों मस्तूरी, अकलतरा, पामगढ़, जैजैपुर, चंद्रपुर और बिलाईगढ़ से होकर गुजरेगी। 18 दिसंबर को बाबा गुरु घासीदास जी की 266 वीं जयंती के दिन गिरौदपुरी में पदयात्रा का पहला चरण समाप्त होगा। अमित जोगी ने कहा “जोगी जन अधिकार पदयात्रा’ के माध्यम से बूथ स्तर पर नए लोगों, विशेषकर युवाओं को पार्टी से जोड़ा जायेगा और एक मजबूत संगठन खड़ा किया जाएगा।

पांच चुनावी मांगों के साथ उतरेगी JCCJ

  • 2500 रुपये समर्थन मूल्य केवल एक फर्जीवाड़ा है। बढ़ती महंगाई ने किसानों की लागत को और बढ़ा दिया है। इसलिये किसानों के लिए 3200 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य देने की मांग।
  • बेरोजगार युवाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया गया था। 4 वर्ष हो गए, एक पाई नही दी गयी। 48 महीनों के हिसाब से छत्तीसगढ़ के हर युवा बेरोजगार के खाते में एक लाख 20 हजार रुपए डालने की मांग।
  • गरीबों के लिए आवास नही बनाना सबसे बड़ा पाप है। सरकार हर हितग्राही के खाते में तत्काल पांच लाख रुपए डाले ताकि लोग अपना आवास बना सके।
  • अनुसूचित जाति को 16% और अनुसूचित जनजाति को 32% आरक्षण में थोड़ी भी कांट छांट नही करने देंगे।
  • प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में शराबबंदी को तत्काल लागू किया जाए।

कांग्रेस-भाजपा दोनों पर निशाना

अमित जोगी ने इस पदयात्रा के जरिये दोनों राष्ट्रीय राजनीतिक दलों कांग्रेस और भाजपा को घेरने का मन बनाया है। उन्होंने कहा, दोनो राष्ट्रीय दलों की सरकारों ने छत्तीसगढ़ को केवल वोट के बदले खोट देने का काम किया है। पहले एक राष्ट्रीय दल के मुख्यमंत्री ने 15 सालों में वादाखिलाफी और लूट का इतिहास रचा। अब दूसरे राष्ट्रीय दल के मुख़्यमंत्री वादाखिलाफी का रिकॉर्ड तोड़ने में लगे हैं। पहले बोनस, फिर शराबबंदी, नियमितिकरण, आवास और बेरोजगारों को 2500 रुपया प्रतिमाह देने तक की वादाखिलाफी की सूची बहुत लंबी है।

अगले चुनाव में भाजपा का विकल्प बनने का दावा

अमित जोगी ने कहा, भाजपा छत्तीसगढ़ में पूरी तरह निष्क्रिय हो चुकी है। 15 साल का पाप इतनी जल्दी नहीं धुलने वाला। यह बात भाजपा का कार्यकर्ता भी अच्छी तरह जानता है कि 2023 में पार्टी अपनी 14 सीटें बचा ले यही बहुत बड़ी बात है। अमित जोगी का दावा है, छत्तीसगढ़ की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति हमारे लिए एक बहुत ही सुनहरा अवसर है। यह अपनी बात जनता तक पहुंचाने का और जनता को उनका क्षेत्रीय मंच देने का अवसर बना रही है। इस यात्रा के बाद अगला चुनाव जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और कांग्रेस के बीच होगा।