छत्तीसगढ़ः ठंड की दस्तक देगी उत्तर से आ रही हवा, पड़ेगी कड़ाके की ठंड 

रायपुर। प्रदेश में उत्तर से शुष्क व ठंडी हवा आ रही है। इसके प्रभाव से अब पारा गिरना शुरू होगा और कड़ाके की ठंड पड़ेगी। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले तीन दिनों में तीन डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।

शुक्रवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में गिरावट की वजह से ठंड में बढ़ोतरी रही। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही आउटर क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ी। सुबह-सुबह और रात में ठंड का प्रभाव भी दिखने लगा है। ठंड बढ़ते ही अब लोगों के घरों में गर्म कपड़े भी बाहर निकलने लगे है। प्रदेश भर में कृषि विज्ञान केंद्र नारायणपुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर का न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से आने वाली शुष्क व ठंडी हवा के प्रभाव से अब प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी।

इस वर्ष पड़ेगी ज्यादा ठंड

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस वर्ष काफी अच्छी वर्षा हुई है। इसके चलते ठंड की दस्तक भी जल्दी हुई है। इसे देखते हुए इस वर्ष ज्यादा ठंड पड़ने की उम्मीद है। अगले कुछ दिनों में कड़ाकें की ठंड शुरू होगी। बढ़ती ठंड के चलते इन दिनों विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के बाजार भी सज गए हैं। और लोग गर्म कपड़ो की खरीददारी भी कर रहे हैं। ऊलन कपड़ा बाजार में इन दिनों गर्म कपड़ों में 20 प्रतिशत तक छूट दिया जा रहा है। कपड़े संस्थानों में भी गर्म कपड़ों के नए स्टाक आए हुए है, इनमें भी आकर्षक छूट दिया जा रहा है। इस बार गर्म कपड़ों के दाम में पांच से आठ प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है।