मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्विटर इंडिया में छंटनी की निंदा की, कहा- विकल्प तलाशने के लिए मिलना चाहिए वक्त

नई दिल्ली: केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्विटर इंडिया के कर्मचारियों को बर्खास्त करने की आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि कर्मचारियों को दूसरे विकल्प तलाशने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। अभी भी जो कर्मचारी ट्विटर में काम कर रहे हैं, वह अपनी नौकरी को लेकर डरे हुए हैं।

अमेरिका में ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन फिलहाल टला

ट्विटर इंडिया ने अपने अधिकांश कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। सेल्स और मार्केटिंग सहित सभी विभागों से कर्मचारियों को निकाला गया है। मस्क पहले ही कह चुके हैं कि कर्मचारियों की छंटनी के अलावा उनके पास और कोई विकल्प नहीं है। कंपनी को प्रतिदिन 40 लाख डालर प्रतिदिन का घाटा हो रहा है। ट्विटर ने ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन सेवा को अमेरिका में होने वाले मध्यावधि चुनाव तक टाल दिया है।

फेक अकाउंट बनाने वालों को चेतावनी

न्यूयार्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार अब इस सर्विस को नौ नवंबर को लांच किया जाएगा। शुरुआत में मस्क चाहते थे कि कंपनी सात नवंबर तक यह सेवा शुरू कर दे। एलन मस्क ने मशहूर हस्तियों के नाम से फेक अकाउंट बनाने वालों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों का अकाउंट स्थायी रूप से निलंबित कर दिया जाएगा।

मेटा भी करेगी कर्मचारियों की छंटनी

ट्विटर में छंटनी के बाद अब फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा भी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी करने वाली है। वाल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने इस सप्ताह कर्मचारियों को गैरजरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी है। माना जा रहा है कि छंटनी से हजारों कर्मचारी प्रभावित होंगे। फिलहाल कंपनी में 87 हजार कर्मचारी काम करते हैं।