छत्तीसगढ़ः एयरपोर्ट में ही नाचने लगे रूस, न्यूजीलैंड के कलाकार, आए हैं आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने, पहुंचते ही दिखाए शानदार स्टेप्स 

रायपुर। रायपुर में होने वाले आदिवासी नृत्य महोत्सव के लिए दूसरे देशों के कलाकार भी पहुंचने लगे हैं। इस बार इस महोत्सव में 9 देशों के कलाकारों को शामिल होना है। इसी कड़ी में रविवार को न्यूजीलैंड और रूस के कलाकर पहुंचे। मगर एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उनका निराला अंदाज देखने को मिला

एयरपोर्ट पहुंचते ही दोनों देशों के कलाकार डांस करने लगे। उन्होंने अलग-अलग डांस फार्म में बेहतरनी स्टेप्स दिखाए। जिसका लोगों ने ताली बजाकर आनंद लिया। इन कलाकारों के साथ उनके मेंटर्स भी पहुंचे हुए हैं। इनके स्वागत के लिए खुद राज्य के संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत पहुंच हुए थे। भगत ने खुद ही एयरपोर्ट पर कलाकारों का स्वागत किया है।

एयरपोर्ट में ही शानदार डांस परफॉर्मेंस।

एयरपोर्ट में ही शानदार डांस परफॉर्मेंस।

एक नवंबर से रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में राज्योत्स्व के साथ ही आदिवासी नृत्य महोत्सव शुरू होने वाला है। इसमें देश भर के आदिवासी कलाकर शामिल होने वाले हैं। इनके अलावा 9 देशों के कलाकर भी शामिल होंगे। जिसमें मोजांबिक, मंगोलिया, न्यूजीलैंड, सर्बिया, टोंगो, मालदीव, रूस, इंडोनेशिया और इजिप्ट शामिल हैं। वहीं भारत के कुल 1400 कलाकार इस महोत्सव में शामिल होने वाले हैं। 2021 के आदिवासी नृत्य महोत्सव में सात देशों के कलाकार आये थे। 2019 में आयोजित पहले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में पांच देशों के सांस्कृतिक प्रतिनिधि शामिल हुए थे

तालियां बजाकर कलाकारों का स्वागत।

तालियां बजाकर कलाकारों का स्वागत।

इस नृत्य महोत्सव का समापन समारोह 3 नवम्बर को होना है। राज्य सरकार ने साल 2019 से इस नृत्य महोत्सव की शुरुआत की थी। 2020 में कोरोना संक्रमण की भीषड़ता की वजह से आयोजन टाल दिया गया। 2021 में इस महोत्सव का दूसरी बार आयोजन किया गया। इस साल इस आयोजन का तीसरा साल है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से मंत्रियों, संसदीय सचिवों और विधायकों ने विभिन्न राज्यों और दूतावासों में जाकर राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और राजदूतों को आमंत्रित किया है।

मंत्री अमरजीत भगत खुद कलाकारों का स्वागत करने पहुंचे थे।

मंत्री अमरजीत भगत खुद कलाकारों का स्वागत करने पहुंचे थे।

20 लाख रुपयों तक के नगद पुरस्कार

अधिकारियों ने बताया, इस बार आदिवासी नृत्य महोत्सव में दो थीम रखी गई है। पहली थीम है फसल कटाई पर होने वाले आदिवासी नृत्य और दूसरी थीम है आदिवासी परम्पराएं और रीति-रिवाज। विजेताओं को कुल 20 लाख रुपए के पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा। प्रथम स्थान के लिए पांच लाख रुपए, द्वितीय स्थान के लिए तीन लाख रुपए और तृतीय स्थान के लिए दो लाख रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे।