छत्तीसगढ़ः आज-कल में जारी होने वाली है निगम, मंडल, आयोगों में नियुक्तियों की एक और सूची, नाम लगभग तय 

संगठन से चर्चा के बाद नाम लगभग तय; चुनाव में उतरने से पहले कार्यकर्ताओं को साधने पर जोर|रायपुर,Raipur - Dainik Bhaskar

रायपुर। छत्तीसगढ़ में निगम, मंडल, आयोगों में रिक्त पदों पर राजनीतिक नियुक्तियों की एक सूची आज-कल में जारी होने वाली है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम आदि से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन नियुक्तियों पर नाम लगभग तय कर दिए हैं। बताया जा रहा है, इनके लिए नियुक्ति आदेश जल्द जारी हो सकते हैं।

बताया जा रहा है, प्रदेश के विभिन्न निगम, मंडलों, आयोगों, अकादमी और जन भागीदारी समितियों में अभी भी सैकड़ों पद रिक्त हैं। इनमें हिंदी ग्रंथ अकादमी, उर्दू अकादमी, मदरसा बोर्ड, सिंधी अकादमी, नि:शक्तजन आयोग, फिल्म विकास निगम जैसे कई आयोग, निगम शामिल हैं। कहा जा रहा है कि इन पदों पर नियुक्ति के लिए कांग्रेस की दूसरी पंक्ति के नेता-कार्यकर्ता लंबे समय से लॉबिंग कर रहे हैं। नियुक्तियां नहीं होने की वजह से नाराजगी बढ़ रही थी।

संभावना जताई जा रही थी कि 31 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में नेताओं का गुस्सा फूटेगा। पार्टी को लगता है कि अगले साल प्रस्तावित चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं की नाराजगी ठीक नहीं होगी। ऐसे में महीनों से लंबित सूची को थोड़े-बहुत फेरबदल के बाद अंतिम रूप से तय कर दिया गया है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री की सहमति मिल जाने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग नियुक्ति आदेश जारी कर देगा।