पहाड़ी से उतरते समय ट्रेलर में घुसी बस, 14 की मौत, 35 यात्री गंभीर घायल; दिवाली मनाने घर लौट रहे थे 

रीवा। रीवा के नजदीक नेशनल हाईवे-30 पर भीषण बस हादसा हो गया। सोहागी पहाड़ी से उतरते समय बस आगे जा रहे ट्रेलर में घुस गई। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। 35 यात्री घायल हैं। सोहागी पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को रेस्क्यू किया। गंभीर घायलों को एंबुलेंस से त्योंथर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात करीब 11.30 बजे पहाड़ी की घाटी में हादसा हुआ है। बस हैदराबाद से रीवा के रास्ते गोरखपुर जा रही थी। पहाड़ी से उतरते समय हादसे का शिकार हो गई। बताया गया कि बस की केबिन में भी 3-4 लोग फंस गए थे। हादसे की वजह का पता नहीं चला है।

हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी
बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। घायलों में ज्यादातर लोग मजदूर हैं। सभी दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे। त्योंथर अस्पताल में रात 1 बजे तक 55 लोग पहुंच चुके थे।

सतना में सीएम का कार्यक्रम, प्रशासन ने लगाई ताकत
22 अक्टूबर को मुख्यमंत्री शिवरा​ज सिंह चौहान सतना आ रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने सोहागी पहाड़ी में रेस्क्यू में ताकत लगा दी। आरटीओ मनीष त्रिपाठी की मदद से कई क्रेनों की मांग की गई।