बिलासपुरः 2 बाइक के बीच टक्कर, पिता की मौत, बेटा गंभीर, दीपावली मनाने घर आ रहे पुत्र को लेने गया था शख्स; रास्ते में हुआ हादसा 

मातम में बदली खुशियां। - Dainik Bhaskar

बिलासपुर।जिले में दो बाइक में जबरदस्त टक्कर से पिता की मौत हो गई और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेटा महाराष्ट्र से दीपावली पर्व मनाने के लिए घर आ रहा था। बेटे के आने की जानकारी मिलने पर पिता उसे लेने गया था। दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसा मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी क्षेत्र में हुआ है।

जानकारी के अनुसार, केंवटाडीह निवासी रूपराम निराला (45) का बेटा नरेंद्र कुमार निराला महाराष्ट्र के गोंदिया में जॉब करता है। वहीं, रूपराम गांव में खेती-किसानी का काम करता था। दीपावली पर्व मनाने के लिए नरेंद्र कुमार अपने गांव लौट रहा था। ट्रेन से बिलासपुर पहुंचने के बाद उसने अपने पिता को फोन किया। इस दौरान रूपराम ने अपने बेटे को बोला कि वहां से मल्हार तक बस में आ जाना और मल्हार में मैं तुम्हे लेने आ जाऊंगा। बस आने से पहले ही रूपराम मल्हार में अपने बेटे के आने का इंतजार कर रहा था।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक सड़क में पड़ी थी।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक सड़क पर पड़ी थी।

बाइक से लौटते समय हुआ हादसा
मल्हार में बस से उतरने के बाद नरेंद्र और उसके पिता रूपराम बाइक से गांव लौट रहे थे। घटना देर शाम की है। अभी दोनों पिता-पुत्र ग्राम कटहा के पास पहुंचे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रूपराम के सिर में गंभीर चोटें आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, नरेंद्र कुमार भी बुरी तरह से घायल होकर बेहोश पड़ा रहा।

राहगीरों ने पुलिस को दी जानकारी
इस हादसे के बाद दोनों पिता-पुत्र करीब आधे घंटे तक सड़क पर ही पड़े थे। बताया गया कि जिस बाइक ने टक्कर मारी थी, उसका चालक बाइक लेकर भाग गया था। राहगीरों ने खून से लथपथ पिता-पुत्र को देखकर पुलिस के डायल 112 को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रूपलाल के शव के साथ ही गंभीर रूप से घायल नरेंद्र को अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही उनके परिजन को घटना की जानकारी दी। रुपलाल का शव मस्तूरी अस्पताल के मॉरच्यूरी में है। गंभीर रूप से घायल नरेंद्र को इलाज के लिए सिम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर दूसरे बाइक सवार की जानकारी जुटाकर तलाश में जुट गई है।

दूसरी बाइक के मिले टूटे हुए पाट़र्स

मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई, तब पता चला कि सामने से आ रही बाइक की टक्कर से यह हादसा हुआ है। दूसरी बाइक की पुलिस पता नहीं लगा पाई है। मौके पर दूसरी बाइक के टूटे हुए पार्ट्स मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस उसकी जानकारी जुटाकर पतासाजी कर रही है।