रायपुर में RSS की समन्वय बैठकः मोहन भागवत कर रहे 36 संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों से चर्चा, BJP अध्यक्ष नड्‌डा भी मौजूद 

रायपुर। रायपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक शुरू हो चुकी है। रायपुर एयरपोर्ट के सामने बने मानस भवन में ये बैठक हो रही है। इस बैठक की शुरुआत में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने भारत माता पर फूल चढ़ाए। इसके बाद दोनों देश के 36 संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। ये बैठक 12 सितंबर तक चलेगी।

बैठक के लिए संघ के प्रोटोकॉल्स के मुताबिक पूरी तरह से हिंदी में जानकारी लिखा बैनर लगा मंच बना है। इसमें RSS के वरिष्ठ पदाधिकारी सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले बैठे हैं। सामने देश के अलग-अलग संगठनों से आए पदाधिकारियों को प्लास्टिक की कुर्सियों पर बैठाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भी सामने की पंक्ति में इन्हीं पदाधिकारियों के साथ बैठे हैं।

संघ की बैठक में मौजूद जेपी नड्‌डा।

संघ की बैठक में मौजूद जेपी नड्‌डा।

इन संगठनों के लोग हो रहे शामिल
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि इस बैठक में विद्या भारती, विद्यार्थी परिषद, सक्षम, वनवासी कल्याण आश्रम, सेवा भारती, विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्र सेविका समिति, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ के करीब 240 पदाधिकारी शामिल हैं।

संघ के पदाधिकारी।

संघ के पदाधिकारी।

इन मुद्दों पर होगी बात
ये RSS की महत्वपूर्ण बैठक है। इस बैठक में संघ तय करता है कि उसे आने वाले दिनों में किन मुद्दों पर काम करना है। संघ ये बैठक हर साल सितंबर में करता है। इस बार इसके लिए छत्तीसगढ़ को चुना गया है। बैठक में आए पदाधिकारी अपने कार्यों अनुभवों को साझा करते हैं। यहां आर्थिक परिदृश्य, गौसेवा, ग्राम विकास, पर्यावरण, कुटुंब प्रबोधन (परिवारों की भलाई के काम), सामाजिक समरसता जैसे मुद्दों पर बात होगी। बैठक पूरे देश के संबंध में है, RSS सूत्रों के मुताबिक यहां छत्तीसगढ़ के सियासी समीकरणों पर कोई चर्चा नहीं होगी। प्रदेश में धर्मांतरण के मसले पर जरूर बात हो सकती है।

मोहन भागवत ने की बैठक की शुरुआत।

मोहन भागवत ने की बैठक की शुरुआत।

तीन दिनों तक कोई बाहर नहीं जाएगा
रायपुर एयरपोर्ट के सामने बने मानस भवन की ये बैठक किसी अनुशासन से भरे कैम्प की ही तरह है। यहां से बाहर जाने या तय लोगों के सिवा किसी को भीतर जाने की अनुमति नहीं है। मीडिया को भी इस बैठक से दूर रखा गया है। इस बैठक की प्राइवेसी का अंदाजा इस बात से लगाइए कि इसमें शामिल हो रहे देश के VVIP लिस्ट में शुमार रहने वाले लोगाों को तीन दिनों तक इसी भवन में रहना होगा, वो बाहरी लोगों से मिल नहीं पाएंगे। कार्यक्रम को लेकर एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में संघ के पदाधिकारियों ने मीडिया को सिर्फ कार्यक्रम के बारे में अपनी बात बताई, किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।

देशभर से आए ये लोग हो रहे बैठक में शामिल
बैठक में पूरे देश में संघ और संघ से प्रभावित संगठनों के शीर्ष लोग शामिल हैं। इनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सभी सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल , डॉ. मनमोहन वैद्य , अरुण कुमार, मुकुंदा, रामदत्त चक्रधर, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य भय्याजी जोशी, सुरेश सोनी, विद्या भारती के महामंत्री गोविन्द महंती, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री आशीष चौहान, महामंत्री निधि त्रिपाठी, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार, राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका वंदनीया शांतक्का , कार्यवाहिका अन्नदानम सीताक्का, सेवा भारती की महामंत्री रेणु पाठक, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष, भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष हिरण्मय पंड्या, संगठन मंत्री बी सुरेन्द्रन, भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष रामचंद्र खराड़ी, संस्कृत भारती के संगठन मंत्री दिनेश कामत जैसे लोग शामिल हैं।