छत्तीसगढ़ः बीजेपी की वापसी के लिए नड्डा ने दिया ‘मंत्र’, राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले- एक्शन मोड में रहें, केंद्र के कामों को जनता तक पहुंचाएं; विदा हुईं पुरंदेश्वरी 

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के रायपुर दौरे का आज दूसरा दिन है। शुक्रवार को कार्यकर्ता सम्मेलन और रोड शो के बाद उन्होंने भाजपा कोर ग्रुप की बैठक ली है। बात-चीत में नड्डा ने प्रदेश के नेताओं को छत्तीसगढ़ में भाजपा की सत्ता वापसी का टास्क दिया है। इसके लिए सभी से उनके क्षेत्रों में केंद्र सरकार और पिछली छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के बेहतर कामों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए कहा गया है।

कोर ग्रुप की इस बैठक में प्रदेश के नेताओं ने इनपुट दिया कि बहुत से इलाकों में लोगों में कांग्रेस से नाराजगी है, नड्‌डा ने इस पर जनता को भाजपा के पक्ष में लाने को कहा है। इस बैठक में तय किया गया कि आने वाले एक साल में भाजपा अपनी सियासी आक्रमकता बढ़ाएगी, धरना प्रदर्शन, वॉल राइटिंग, सोशल मीडिया के अभियानों के जरिए भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया जाएगा। नड्‌डा ने कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र के अधूरे वादे, इंस्फ्राट्रक्चर से जुड़े काम, शराबबंदी, भ्रष्टाचार जैसे मामलों पर फोकस करने को कहा है।

बैठक में शामिल प्रदेश के नेता।

बैठक में शामिल प्रदेश के नेता।

विदा हुईं पुरंदेश्वरी
दिनभर रोड शो , नड्‌डा के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल रहीं छत्तीसगढ़ भाजपा की पूर्व प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को पद से हटाए जाने की खबर शाम तक मिली। कोर ग्रुप की बैठक में तब पुरंदेश्वरी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मौजूद थीं। राष्ट्रीय महामंत्री बी एल संतोष , राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश,क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इसके बाद पुरंदेश्वरी को शॉल श्रीफल से सम्मानित किया सभी ने उनके कार्यकाल को सराहा।

रायपुर में जेपी नड्‌डा का कार्यकर्ता सम्मेलन पुरंदेश्वरी का आखिरी कार्यक्रम बना इसके बाद छत्तीसगढ़ से उनकी दूरी बढ़ गई।

रायपुर में जेपी नड्‌डा का कार्यकर्ता सम्मेलन पुरंदेश्वरी का आखिरी कार्यक्रम बना इसके बाद छत्तीसगढ़ से उनकी दूरी बढ़ गई।

सुबह विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल खुद डी पुरंदेश्वरी को छोड़ने एयरपोर्ट गए। यहां से कार्यकर्ताओं ने उन्हें विदा किया। पुरंदेश्वरी साउथ के मशहूर एक्टर और पॉलिटिशियन NTR की बेटी हैं। फिल्म RRR में नजर आने वाले एक्टर जूनियर NTR की बुआ हैं। माना जा रहा है कि, आगामी छत्तीसगढ़ के चुनावों में पुरंदेश्वरी से बेहतर रणनीतिकार राजस्थान के ओम माथुर होंगे, इस वजह से उन्हें अब छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभारी बनाया गया है। बीते दो महीने में प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष बदलकर भाजपा ने साबित किया है कि चुनावी एक्शन में नई टीम नए सिरे से काम करेगी।