छत्तीसगढ़ः प्रदेश में अब 31 जिले, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का भी शुभारंभ; CM ने कहा-हम रेवड़ी दे रहे, केंद्र सरकार रबड़ी बांट रही 

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में शनिवार से जिलों की संख्या बढ़कर अब 31 हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव में नए जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का शुभारंभ किया। इससे पहले CM ने रायगढ़ के सारंगढ़ पहुंच कर प्रदेश के 30वें जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ का उद्घाटन किया था। दोनों जिलों के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने 1000 करोड़ से ज्यादा के कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही हर ओर जयकारे लगे और लोगों ने हार और पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को तिरंगा गमछा भी पहनाया गया।

राजा फतेह सिंह खेल मैदान में हुए मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, बहुत लंबे समय से जिले की मांग चल रही थी, लेकिन जिला नहीं बन सका था। इस जिले में खेले-कूदे लेकिन जिला नहीं बना सके। पौने चार साल में हमारी सरकार ने 6 नए जिले बनाए। इसका मकसद जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम होनी चाहिए। हमारी सरकार मेहनतकश का सम्मान करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खैरागढ़ संगीत नगरी के नाम से जाना जाता है। जिले के साथ कला संगीत भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने खैरागढ़ संगीत विवि के आधीन बस्तर और सरगुजा में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। अगले साल 422 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल खोले जाएंगे।

मुख्यमंत्री का 36 प्रकार के छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से तुला दान किया गया।

मुख्यमंत्री का 36 प्रकार के छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से तुला दान किया गया।

भावनात्मक शोषण कर रही केंद्र सरकार

मुख्यमंत्री बघेल ने केंद्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र ने अड़ंगा लगाया, लेकिन फिर भी कोरोना काल में लोगों की मदद की। सीएम ने कहा कि उन्होंने बड़े उद्योगपतियों के 10 लाख करोड़ माफ किया है। हमने तो किसानों के ही ऋण माफ किए हैं। हां हमने रेवड़ी बांटी है, लेकिन उन्होंने रबड़ी दी है। सीएम ने कहा कि सोच में अंतर है। वो केवल भावनात्मक शोषण करते हैं। वो तुम्हारी जेब से पैसा निकालने का काम कर रहे हैं। पेट्रोल, डीजल गैस सबके दाम बढ़ा दिए।

अलग अंदाज में दिखाई दिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल।

अलग अंदाज में दिखाई दिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल।

364 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का पूजन

खैरागढ़ स्थित राजा फतेह सिंह खेल मैदान में हुए मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवगठित जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 364 करोड़ 56 लाख रूपए के 95 कार्य का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 350 करोड़ 96 लाख 31 हजार रुपए के 82 कार्यों का भूमि पूजन, 13 करोड़ 59 लाख 96 हजार रुपए के 13 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने 213 हितग्राहियों को 37 लाख 48 हजार रूपए की सामग्री का वितरण भी किया। इससे पहले खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के निवास स्थान पर मुख्यमंत्री का 36 प्रकार के छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से तुला दान किया गया।

मुख्यमंत्री के चेहरे वाले मुखौटे लगाकर पहुंची महिलाएं।

मुख्यमंत्री के चेहरे वाले मुखौटे लगाकर पहुंची महिलाएं।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रदेश का 30वां जिला

इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायगढ़ में भी नए जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ का शुभारंभ किया। इस दौरान सारंगढ़-बिलाईगढ़ वासियों को 540 करोड़ 32 लाख 98 हजार रुपए की लागत के 46 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 28 करोड़ 3 लाख 1 हजार रुपए की लागत से निर्मित 20 कार्यों का लोकार्पण और 512 करोड़ 29 लाख 97 हजार रुपये की लागत से बनने वाले 26 कार्यों का भूमि पूजन शामिल है।

सीएम भूपेश बघेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सारंगढ़ भौगौलिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि जैसे बस्तर का दशहरा प्रसिद्ध है, वैसे ही सारंगढ़ का दशहरा भी प्रसिद्ध है। सीएम ने कहा कि पौने 4 साल में हमारी सरकार ने महिला, बच्चों, आदिवासी, अनुसूचित जाति के विकास के लिए अनेक कार्य किए हैं। किसानों की भी संख्या 15 लाख से बढ़कर 26 लाख हो गई है। उनकी संपन्नता बढ़ी है।

किसान हुए संपन्न, गाय का दूध, गोबर, गोमूत्र सभी का उपयोग

सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि किसान अब गाय का दूध, गोबर और गोमूत्र सभी का उपयोग कर रहे हैं। चाहे किसान हों या लघु वनोपज के संग्राहक, सबको लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क हो, यही प्रयास है। हमारी सरकार लगातार रोजगार देने का प्रयास कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में भी बहुत सारे काम हुए हैं। अंग्रेजी और हिंदी माध्यम में आत्मानंद स्कूल खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए भी बहुत सारे कॉलेज खोले गए हैं। अंग्रेजी माध्यम कॉलेज भी खोले जा रहे हैं। 4 मेडिकल कॉलेज भी खोले गए हैं।

सीएम ने कहा कि जल, जंगल, जमीन के लिए संघर्षरत आदिवासी भाइयों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का प्रयास किया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को लगातार आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

सीएम का भव्य स्वागत, रोड शो में उमड़ी भीड़

इससे पहले यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके रोड शो में लोगों की भाड़ी भीड़ उमड़ी है। लोग भूपेश भइया जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। सीएम भूपेश बघेल ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

इससे पहले मुस्लिम जमात सारंगढ़ ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं नवीन जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के शुभारंभ के मौके पर रोड शो के दौरान नृत्यश्री धारा इंस्टीट्यूट (रायपुर) के छोटे-छोटे बच्चों ने करमा लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री को बेंगलुरू से निर्मित और तिरुपति बालाजी में चढ़ाए गए मुकुट, शॉल और माला भेंटकर स्वागत किया गया। मुकुट का निर्माण कांजीवरम सिल्क साड़ी द्वारा किया गया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रोड शो के दौरान।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रोड शो के दौरान।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ऐतिहासिक उद्घाटन समारोह को लेकर लोगों में भारी उत्साह था। रोड शो के दौरान राइस मिल एसोसिएशन ने भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुष्प माला से आत्मीय स्वागत किया। रोड शो में लाखों की भीड़ थी।लोग पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य भी कर रहे हैं और झाल-मंजीरे बजा रहे थे।

सीएम को फलों से तौला गया

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को फलों से तौला गया। उनकी एक झलक पाने के लिए लोगों की भारी भीड़ थी। लोग उनके साथ सेल्फी भी ले रहे थे।

कलेक्टर कार्यालय का लोकार्पण।

कलेक्टर कार्यालय का लोकार्पण।

कलेक्टर कार्यालय का लोकार्पण

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कलेक्टर कार्यालय का भी लोकार्पण किया। दोमंजिला कार्यालय के भूतल और प्रथम तल पर स्थित 18 कमरों में 36 शाखाओं के कार्यालयीन कामकाज के लिए बैठक व्यवस्था की गई है। इनमें ग्राउंड फ्लोर पर जिला कलेक्टर कार्यालय और सभागार सहित 2 न्यायालयीन कक्ष हैं। यहां डी. राहुल वेंकट को कलेक्टर और राजेश कुकरेजा को एसपी बनाया गया है।