छत्तीसगढ़ः आज प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार, माह के अंत तक मानसून की विदाई संभावित 

रायपुर । प्रदेश में बीते कुछ दिनों से वर्षा पर ब्रेक लगने की वजह से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके चलते उमस बढ़ने से लोगों में बेचैनी भी बढ़ गई है। बीते पांच वर्षों में रायपुर के अधिकतम तापमान को देखा जाए तो वर्ष-2020 को छोड़कर इस वर्ष दो सितंबर-2022 को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे सितंबर में सर्वाधिक है। मौसम विभाग का कहना है कि अब मजबूत मानसूनी सिस्टम भी नहीं बन रहा है। इस माह के आखिर तक दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई संभावित है।

शुक्रवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेशभर में मौसम सामान्य रहा। तेज धूप निकलने से पारा और चढ़ गया, जिससे उमस में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। प्रदेशभर में कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

प्रदेशभर में हुई 1039.8 मिमी वर्षा

एक जून से लेकर दो सितंबर तक प्रदेश में 1039.8 मिमी वर्षा हुई है। यह सामान्य वर्षा की तुलना में 10 प्रतिशत ज्यादा है। बीजापुर में सर्वाधिक 2094.6 मिमी वर्षा हुई है। सरगुजा में सबसे कम 501.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। रायपुर में 772.5 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य है। प्रदेशभर में हुई यह वर्षा पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। हालांकि इस वर्ष मानसून की जल्दी विदाई संभावित है।