छत्तीसगढ़ः 20 से ज्यादा भाजपाइयों पर FIR, BJYM-BJP के ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन के बाद एक्शन में पुलिस; वीडियो-फोटो से की गई पहचान 

रायपुर। रायपुर में बुधवार को BJP-BJYM के हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन के बाद अब पुलिस एक्शन में आ गई है। प्रदर्शन के दौरान की गई वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के जरिए पुलिस ने 20 नामजद सहित अन्य भाजपाइयों पर मामला दर्ज किया है। इनके ऊपर हंगामे, तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य मामले शामिल होने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, जगदलपुर के कार्यकर्ता अविनाश श्रीवास्तव, आनंद झा और अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। OCM चौक के पास पुलिस को लाठीचार्ज के लिए उकसाने, अपशब्दों का प्रयोग करने, जवानों से अभद्रता और धक्कामुक्की का आरोप है। वहीं तुषार चोपड़ा और अन्य पर पुलिस से अभद्रता, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पंचशील नगर में बैरिकेड के पास शुभम गुप्ता निवासी अकलतरा, सोनू सिंह निवासी अकलतरा, रवि पांडे निवासी जांजगीर चांपा, नरोत्तम गव्हेल निवासी मालखरोदा, सुमित पांडे निवासी अकलतरा, राजकुमार चंद्रा निवासी जांजगीर-चांपा, गिरधर गोपाल चंद्रा निवासी जैजैपुर, मनोज कुमार साहू निवासी जैजैपुर, करण कुमार यादव निवासी अकलतरा, सुनील सिंह निवासी अकलतरा और अन्य भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर भी सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज किया गया है। इन सभी पर तोड़फोड़, अभद्रता, पुलिस कर्मचारियों को धक्का देने, उन्हें चोट पहुंचाने, शासकीय काम में बाधा डालने के आरोप हैं।

भाजयुमो का विरोध-प्रदर्शन।

भाजयुमो का विरोध-प्रदर्शन।

शहीद भगत सिंह चौक पर निखिल सिंह राठौर निवासी भानुप्रतापपुर, राज कमल राठौर निवासी सक्ती, सतनाम सिंह निवासी रायगढ़, सूरज शर्मा निवासी रायगढ़, मयूरेश केसरवानी निवासी सारंगढ़, आलोक पटेल निवासी डभरा चंद्रपुर और अन्य के द्वारा तोड़फोड़ करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस कर्मचारियों को धक्का देने, शासकीय कार्यों में बाधा पहुंचाने, पुलिस कर्मचारियों पर हमला कर उन्हें घायल करने के आरोप में सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज किया गया है।

भाजयुमो का हल्लाबोल।

भाजयुमो का हल्लाबोल।

ASP सुखनंदन राठौर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर और लोगों की भी पहचान की जा रही है। इन सब पर कार्रवाई की जाएगी।

हल्लाबोल विरोध-प्रदर्शन।

हल्लाबोल विरोध-प्रदर्शन।

भाजपा नेता तुषार गुप्ता के थप्पड़ मारने पर नाराजगी

भाजपा नेता तुषार गुप्ता का एक वीडियो सामने आया है। वह पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करता दिख रहा है। इसमें अचानक तुषार ने एक थप्पड़ उसे रोक रहे जवान को मार दिया। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आंनद शुक्ला ने इस मामले में कहा- अभद्रता गुंडागिरी की सारी सीमाओं को पार कर दिया भाजपाईयों ने। NSUI नेता हनी बग्गा ने कहा है कि पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने वाले भाजपा नेता तुषार चोपड़ा की गिरफ्तारी हो, ये मांग लेकर हम SSP से मिलेंगे।

भाजपा नेता तुषार चोपड़ा ने मारा पुलिस जवान को थप्पड़।

भाजपा नेता तुषार चोपड़ा ने मारा पुलिस जवान को थप्पड़।