छत्तीसगढ़ः पिकनिक मनाने गए थे 6 दोस्त, लौटते वक्त पलट गई कार; एक की मौत, 2 गंभीर 

भिलाई। भिलाई कैंप दो इलाके के 6 दोस्त पिकनिक से लौटते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। इनमें से एक की मौत हो गई है, वहीं 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी दोस्तों ने पिकनिक के दौरान झरने के नीचे आजादी का तिरंगा लहराया और उसका वीडियो अपने भाई को भी भेजा था। उन्हें शायद यह नहीं पता था कि उनका यह वीडियो यादें बनकर रह जाएगा।

घायल आकाश के भाई कैलाश ने बताया कि कैंप दो शारदा पारा निवासी नीरज बर्नवाल (23 साल), आकाश कुमार चौधरी (23 साल), विनोद कुमार (22 साल), विश्वकर्मा गोड़ (24 साल), भागवत कुमार (23 साल) और पवन कुमार मांझी (24 साल) 15 अगस्त की सुबह 10 बजे गरियाबंद पिकनिक मनाने गए थे। सभी लोग आकाश की कार से पिकनिक गए थे।

दुर्घटनाग्रस्त कार

दुर्घटनाग्रस्त कार

इस दौरान उन्होंने झरने के नीचे नहाया। वहां आजादी का तिरंगा लहराया। उसका वीडियो बनाया और उसे अपने भाई को भेजने के साथ ही सोशल मीडिया में भी डाला। पिकनिक मनाने के बाद सभी लोग कार शाम 5.30 बजे लौट रहे थे। पाटन अभनपुर रोड में अचानक कार डिसबैलेंस हो गई। इससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इसमें सभी लोगों को गंभीर चोटें आईं। जिसमें इलाज के दौरान नीरज बर्नवाल (23 साल) की मौत हो गई। अभनपुर पुलिस सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

सड़क दुर्घटना में नीरज बर्नवाल की मौत हो गई है।

सड़क दुर्घटना में नीरज बर्नवाल की मौत हो गई है।

सभी का रायपुर में चल रहा इलाज
सड़क दुर्घटना का शिकार हुए नीरज बर्नवाल की आरोग्य सेतु हॉस्पिटल रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं विनोद के बाएं हाथ की हड़्डी टूटी है। विश्वकर्मा के जांघ की हड्डी टूटी है। भागवत के सिर में अंदरूरी चोट आई है। आकाश कुमार चौधरी आईसीयू में है। सभी दोस्तों का उपचार चल रहा है। इसमें आकाश और भागवत की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजन व उनके अन्य दोस्त सभी के जल्द ठीक होने की ईश्वर से कामना कर रहे हैं।