Team India: दो साल पहले आज के दिन भारत के दो दिग्गज क्रिकेटरों ने लिया था संन्यास, की थी दोस्ती की मिसाल पेश

रैना और धोनी

नई दिल्ली। दो साल पहले आज ही के दिन यानी 15 अगस्त 2020 को भारत के दो दिग्गज क्रिकेटरों ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। ये दो क्रिकेटर कोई और नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना हैं। दोनों ने न केवल एक ही दिन संन्यास लिया था बल्कि दोस्ती की मिसाल भी पेश की थी। धोनी के संन्यास लेने के कुछ ही मिनटों के अंदर रैना ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल क्रिकेट को अलविदा कहा था। आइए जानते हैं पूरी कहानी…

2019 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ रन आउट होने के बाद धोनी

2019 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ रन आउट होने के बाद धोनी – फोटो : सोशल मीडिया

नौ जुलाई, 2019 की तारीख… उस दिन वनडे वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच था। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने सामने थीं। भारत को न्यूजीलैंड ने 240 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में भारतीय टीम 221 रन ही बना सकी थी। सारी उम्मीदें धोनी पर ही टिकी हुई थीं, लेकिन वह 50 रन बनाकर ही आउट हो गए थे। इस हार के बाद धोनी क्रिकेट के मैदान और खबरों से दूर हो गए। एक साल बाद यानी 15 अगस्त 2020 को धोनी ने शाम में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। 

रैना और धोनी

रैना और धोनी – फोटो : सोशल मीडिया

इसमें धोनी ने लिखा- अब से मुझे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर समझें। प्यार और समर्थन करने के लिए आप सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद। इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया था। वीडियो के बैकग्राउंड में अभिताभ बच्चन की फिल्म कभी-कभी का कालजयी गीत मैं पल दो पल का शायर हूं बज रहा था। धोनी ने टेस्ट से तो 2014 में ही संन्यास ले लिया था, लेकिन वनडे और टी-20 से 2020 में संन्यास लिया।

रैना और धोनी

रैना और धोनी – फोटो : सोशल मीडिया

उसी दिन धोनी के संन्यास के कुछ देर बाद ही एक और बड़ी खबर सामने आई। सुरेश रैना ने भी सोशल मीडिया पर अपने रिटायरमेंट का एलान किया। इसके साथ ही रैना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की। इसके कैप्शन में रैना ने लिखा- माही आपके साथ खेलना अच्छा था। पूरे दिल से गर्व के साथ मैं आपकी इस यात्रा में शामिल होना चाहता हूं। थैंक यू इंडिया। जय हिन्द! इस तरह भारत के दो चैंपियन खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया। हालांकि, इसके बाद दोनों ने आईपीएल खेलना जारी रखा है।

रैनौ और धोनी

रैनौ और धोनी – फोटो : सोशल मीडिया

सुरेश रैना और धोनी की जोड़ी ने मैदान में अनेकों यादगार पारियां खेलीं हैं। दोनों की दोस्ती मैदान के अंदर और बाहर जगजाहिर रही है। यही दोस्ती सुरेश रैना ने संन्यास के दिन भी निभाई थी। धोनी और रैना 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे हैं। रैना ने उस विश्व कप में क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार पारी खेली थी। 

संन्यास के बाद धोनी के गले लगते रैना

संन्यास के बाद धोनी के गले लगते रैना – फोटो : सोशल मीडिया

दोनों ने साथ संन्यास क्यों लिया, इसको लेकर रैना ने बाद में कारण बताए थे। उन्होंने एक मीडिया संस्थान से बात करते हुए कहा था- हमने पहले ही 15 अगस्त के दिन रिटायर होने का प्लान बनाया था। धोनी की जर्सी का नंबर 7 है और मेरी 3 है। इसे मिलाकर 73 बनाते हैं। 15 अगस्त, 2020 को भारत ने आजादी के 73 साल पूरे किए। इसलिए इससे बेहतर दिन नहीं हो सकता था।

धोनी और रैना

धोनी और रैना – फोटो : सोशल मीडिया

रैना ने कहा था- धोनी ने अपने करियर की शुरुआत 23 दिसंबर (2004) को बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में की थी, जबकि मैंने अपना डेब्यू 30 जुलाई (2005) को श्रीलंका के खिलाफ किया था। हम दोनों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगभग एक साथ शुरुआत की, सीएसके में साथ रहे और इसलिए अब हम एक साथ रिटायर हुए।

सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी

सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी – फोटो : सोशल मीडिया

धोनी ने साल 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने करियर में 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी-20 मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। टेस्ट में उन्होंने 4876 रन, वनडे में 10,773 रन और टी-20 में 1617 रन बनाए। टेस्ट मैचों में धोनी ने छह शतक लगाए। वहीं वनडे में धोनी के नाम 10 शतक दर्ज हैं।  

धोनी और रैना के परिवार वाले

धोनी और रैना के परिवार वाले – फोटो : सोशल मीडिया

वहीं, रैना के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी-20 मुकाबले खेले। टेस्ट में रैना के नाम एक शतक के साथ 768 रन हैं। 226 वनडे मैचों में रैना ने पांच शतक की मदद से 5615 रन बनाए। वहीं, 78 टी-20 मुकाबलों में रैना ने भारत के लिए 1604 रन बनाए। इसमें एक शतक भी शामिल है। रैना तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में से हैं।