रायपुरः ओवरटेक करने के मामूली विवाद में ओडिशा राजघराने के सदस्य ने मार दी युवक को गोली, गिरफ़्तार

ओवरटेक करने के मामूली विवाद के बाद ओड़िशा राजपरिवार से जुड़े विक्रमादित्य सिंहदेव (41) ने बाइक सवार युवक पर गोली चला दी। - Dainik Bhaskar

रायपुर।अभनपुर के पास बुधवार दोपहर 1.30 बजे ओवरटेक करने के मामूली विवाद के बाद ओड़िशा राजपरिवार से जुड़े विक्रमादित्य सिंहदेव (41) ने बाइक सवार युवक पर गोली चला दी। बाइक सवार युवक और दो साथी सिंहदेव की जीप के ओवरटेक करने की वजह से बाइक समेत सड़क पर गिर गए। जीप नहीं रुकी तो युवक ने बाइक से उसका करीब 7 किमी तक पीछा किया और रोका।

इससे गुस्साए सिंहदेव ने युवक पर गोली चला दी, जो उसकी जांघ में लगी। वारदात की सूचना तुरंत पुलिस को मिल गई और आरोपी की जीप डीडीनगर में हुई नाकेबंदी में पकड़ी गई। पुलिस ने आरोपी से 7.56 एमएम की पिस्टल जब्त कर ली है, जिसमें गोलियां लोड हैं। आरोपी ने पिस्टल का लाइसेंस पेश किया है। उधर, घायल युवक को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।

अभनपुर पुलिस के अफसरों बताया कि ओडिशा में कालाहांडी निवासी विक्रमादित्य सिंहदेव (41) राजकुमार कॉलेज में पढ़ने वाली अपनी बेटी को रक्षाबंधन के लिए लेने रायपुर आ रहे थे। साथ में पत्नी और छोटी बेटी भी गाड़ी में थीं। गरियाबंद से होते हुए परिवार अभनपुर के पास पहुंचा, तब बाइक ने ओवरटेक किया। इसे नवापारा का निखिल साहू (19) चला रहा था। साथ में उसके दोस्त धनराज साहू और रूपेश साहू भी थे। बाइक सामने आई तो सिंहदेव की जीप से टक्कर लगी। इससे तीनों बाइक समेत गिर पड़े।

जीप नहीं रुकी तो निखिल ने बाइक उठाई और पीछा करने लगा। जीप का 7 किमी पीछा करते हुए वह हसदा तक आ गया। वहां विक्रमादित्य ने गाड़ी रुकवाई और अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर बाइक पर बैठे निखिल पर फायर कर दिया। गोली निखिल के जांघ में लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद सिंहदेव ने जीप फिर रायपुर की तरफ दौड़ा दी। लेकिन नंबर के आधार पर गाड़ी डीडीनगर में पकड़ी गई तथा सिंहदेव को गिरफ्तार कर लिया गया।

सुरक्षा के लिए फायरिंग का तर्क
आरोपी सिंहदेव ने पुलिस को बताया कि निखिल ने चाकू निकाला था और हमले की कोशिश कर रहा था, इसलिए उसने सुरक्षा में गोली चलाई। निखिल ने पुलिस को बताया कि उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, साथियों को चोट आयी, इसके बाद भी आरोपी ने अपनी गाड़ी नहीं रोकी। इसीलिए वह पीछा कर रहा था। पुलिस को निखिल के पास चाकू नहीं मिला है।