छत्तीसगढ़ः विष्णुदेव के साथ ही नेता प्रतिपक्ष और युवा मोर्चा अध्यक्ष का चेहरा भी बदलेगी भाजपा 

भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बदले जाने के बाद नेता प्रतिपक्ष औैर युवा मोर्चा अध्यक्ष के बदले जाने की अटकलें भी तेज हो गईं हैं। - Dainik Bhaskar

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बदले जाने के बाद नेता प्रतिपक्ष औैर युवा मोर्चा अध्यक्ष के बदले जाने की अटकलें भी तेज हो गईं हैं। अरुण साव ओबीसी चेहरा हैं और बिलासपुर से आते हैं इसी तरह नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक भी ओबीसी वर्ग से आते हैं। वहीं युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित साहू भी ओबीसी हैं इसलिए साव के अध्यक्ष बनने के बाद से इन पदों पर अन्य वर्ग के नेताओं की नियुक्ति की चर्चा तेज हो गई है। विष्णुदेव साय को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का उपाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है जबकि नेता प्रतिपक्ष पद के लिए बृजमोहन अग्रवाल, नारायण चंदेल या शिवरतन शर्मा को फिट माना जा रहा है। युवा मोर्चा की कमान के लिए भी कई नाम चर्चा में हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा- विश्व आदिवासी दिवस पर आदिवासी नेता को नहीं हटाना था, अगले दिन हटा देते
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को बधाई देने के साथ ही यह कहकर भाजपा पर निशाना साधा कि विश्व आदिवासी दिवस के दिन आदिवासी नेता विष्णुदेव साय को नहीं हटाना था। ऐसा करना ही था तो एक दिन बाद हटा देते। पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा, विश्व आदिवासी दिवस के दिन आदिवासी समाज के नेता विष्णु देव साय को उनके पद से हटाया गया। यह भाजपा के आदिवासी विरोधी रवैये को प्रदर्शित करता है।

छत्तीसगढ़ की 32फीसदी से अधिक आबादी आदिवासी समाज की है। कम से कम आदिवासी दिवस के दिन ऐसा अप्रिय निर्णय नहीं लेना था। भाजपा के इस निर्णय से पूरे आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। मरकाम ने कहा, भाजपा का चरित्र मूलरूप से आदिवासी विरोधी है। मरकाम ने कहा, नंदकुमार साय के समय से अन्याय का जो दौर चला था वह विष्णु देव तक पहुंच गया है।

भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा- राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर आदिवासी समाज को सम्मान दे रही भाजपा
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अरुण साव को बधाई देते हुए कहा, उनके नेतृत्व में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ पार्टी कार्यकर्ता पूरे समर्पण भाव से काम करेंगे और छत्तीसगढ़ में फिर से कमल खिलाएंगे। भाजपा आदिवासी विरोधी नही है बल्कि भाजपा ने अनुसूचित जनजाति विभाग का गठन किया। देश के सर्वोच्च पद पर आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया। केन्द्र सरकार में रेणुका सिंह को मंत्री बनाया है। भाजपा ने आदिवासी समाज को राज्य से राष्ट्रीय स्तर पर पूरा सम्मान दिया है।

कौशिक ने कहा- ऊर्जावान नेतृत्व का लाभ पार्टी को मिलेगा
अरुण साव को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय का ने कहा कि पूरे कार्यकाल में संगठन की मजबूती के लिए काम किया उन्होंने कहा कि साव बेहतर संगठक हैं। उनकी योग्यता का लाभ पार्टी को मिलेगा। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संगठन और अधिक मजबूत होगा।

नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि संगठन में परिवर्तन सामान्य प्रक्रिया है। साव के रूप में एक और ऊर्जावान नेतृत्व को सामने लाया गया है। जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा। मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने कहा कि साव को जो दायित्व पार्टी ने सौंपा है, उसमें हर एक कार्यकर्ता पूरी क्षमता से सहयोग करेगा और भाजपा अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी।