छत्तीसगढ़: बस्तर में अटका मानसून आज से फिर हो सकता है सक्रिय, 14 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से बारिश की एक्टिविटी में बढ़ोतरी होगी। बस्तर में पिछले कुछ दिनों से अटका मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। कुछ हिस्सों में इसके आगे बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि मानसून प्रदेश में ग्रेजुअली (धीरे-धीरे) आगे बढ़ेगा। पहले एक से दो जगहों पर बारिश होगी।

इसके बाद बाकी सेंट्रल और नॉर्थ छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में स्ट्राइक करेगा। मौसम विभाग ने आज 14 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में बिजली गिरने का यलो अलर्ट है। इन जिलों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। कहीं-कहीं बौछारें भी पड़ सकती है।

आज प्रदेश के सभी जिलों में अलर्ट

16 से 17 जून के बीच रायपुर पहुंचेगा मानसून

आज मानसून बस्तर से आगे बढ़ा तो उम्मीद है कि16 या 17 जून तक रायपुर पहुंच जाएगा। वहीं शुक्रवार शाम को रायपुर के कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई। यह बारिश लोकल सिस्टम की वजह से हुई थी। इससे पहले बीते मंगलवार को राजधानी में आधे घंटे की बरसात से शहर के कई इलाकों में जल भराव हो गया। विधानसभा इलाके में ब्लैक आउट की स्थिति बन गई।

लेकिन इसके बाद से अच्छी बारिश नहीं हुई है। वहीं प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रायपुर का रहा।

जून में अब तक सामान्य से कम बारिश

अब तक की बात करें तो जून में 33 में से 27 जिले (लगभग 82%) में बारिश सामान्य से कम रही है। सिर्फ 6 जिलों में बारिश सामान्य या उससे अधिक रही है। पूरे राज्य में औसतन 51% वर्षा की कमी है, जो सामान्य से कम मानी जाती है। इस समय मानसून की स्थिति कमजोर है और स्थिति यही रही, तो खरीफ फसलों पर असर पड़ सकता है।

जून का रहा है यही ट्रेंड

हालांकि मौसम विभाग की माने तो जून का ट्रेंड यही रहा है। शुरूआती 10 से 12 दिन गर्मी बढ़ती है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में बनने वाले लो प्रेशर एरिया या चक्रवातों के चलते मानसून सक्रिय हो जाता है। इस बार भी ऐसा ही होने की उम्मीद है। ओवर ऑल बात करें तो जून में अब तक 51% कम बारिश हुई है।