कर्रेगुट्टा पहाड़ पर मुठभेड़ में 1 महिला नक्सली ढेर, 14 दिनों से चल रहे नक्सल ऑपरेशन में अब तक 4 महिला नक्सली मारे गए; IED ब्लास्ट से कमांडेंट घायल

जगदलपुर। छत्तीसगढ़-तेलंगाना की सरहद पर स्थित कर्रेगुट्टा की पहाड़ी पर मुठभेड़ में जवानों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है। सोमवार को हुई मुठभेड़ के बाद जवानों ने मौके से शव और हथियार को बरामद कर लिया है। पिछले 14 दिनों से चल रहे नक्सल ऑपरेशन पर फोर्स ने अब तक कुल 4 महिला नक्सलियों को ढेर किया है।

वहीं सोमवार को यहां CRPF के सहायक कमांडेंट सागर बोराडे IED ब्लास्ट की चपेट में आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि उन्हें अपना पैर गंवाना पड़ा। घायल कमांडेंट को दिल्ली रेफर किया गया है। यहां एम्स में उनका इलाज जारी है। मंत्री रामविचार नेताम ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है।

महिला नक्सली का शव बरामद

जानकारी के मुताबिक, कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर 22 अप्रैल को सुरक्षा बलों को निकाला गया था। DRG, CRPF, कोबरा, STF और बस्तर फाइटर्स के हजारों जवान पहाड़ को घेर रहे हैं। खड़ी चढ़ाई चढ़ रहे हैं। वहीं 5 मई सोमवार को नक्सलियों की एक टीम के साथ जवानों की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। वहीं धीरे-धीरे कर जवान आगे बढ़े।

8-8 लाख की 3 इनामी महिला नक्सली इसी ऑपरेशन में मारी गई हैं। - Dainik Bhaskar

8-8 लाख की 3 इनामी महिला नक्सली इसी ऑपरेशन में मारी गई हैं।

घटनास्थल से विस्फोटक भी बरामद 

इसके बाद मौके से एक महिला नक्सली का शव को बरामद किया गया। जवानों ने घटनास्थल से 303 हथियार समेत अन्य विस्फोटक पदार्थ भी बरामद किए हैं।

मंगलवार को बस्तर IG सुंदरराज पी ने बताया कि, नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। अब तक अलग-अलग मुठभेड़ में कुल चार नक्सलियों की डेड बॉडी रिकवर कर ली गई है। नक्सलियों के कई बड़े कैडर्स को भी नुकसान हुआ है।

कई घायल भी हो सकते हैं। पिछले एनकाउंटर में 8-8 लाख रुपए की 3 इनामी महिला नक्सली मारी गई थी। IG ने कहा कि ऑपरेशन जारी है। ऑपरेशन खत्म होने के बाद और जानकारी दी जाएगी।