छत्तीसगढ़: तीसरी मंजिल से गिरकर सेल्समैन की मौत, आत्महत्या या ‘रील’ बनाने के दौरान हुआ हादसा?

भिलाई।  सेक्टर-4 स्थित अन्नपूर्णा वस्त्रालय की तीसरी मंजिल से गिरने से दुकान के सेल्समैन की मौत हो गई। युवक ने आत्महत्या की है या वो किसी हादसे का शिकार हुआ है, ये अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

भट्ठी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। प्रारंभिक जांच में ये पता चला है कि सागर रील्स बनाता था। आशंका जताई जा रही है कि रील्स बनाने के दौरान ही वो हादसे का शिकार हुआ होगा। साथ ही इसे आत्महत्या से भी जोड़कर देखा जा रहा है। परिवार वालों से पूछताछ के बाद ही घटना का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

बाकी स्टाफ़ नीचे आ गए , लेकिन सागर…

  • पुलिस ने बताया कि उक्त घटना सोमवार के दोपहर करीब तीन बजे हुई। सुभाष चौक पाटन निवासी सागर सिन्हा (20) अन्नपूर्णा वस्त्रालय में सेल्समैन का काम करता था।
  • दोपहर में दुकान के सभी स्टाफ ने साथ में खाना खाया था और कुछ युवक एक साथ छत पर गए थे। सागर को छोड़कर बाकि युवक छत से नीचे आ गए थे, लेकिन सागर नीचे नहीं उतरा।
  • कुछ देर बाद वो छत से नीचे गिरा। उसे गंभीर हालत में सुपेला के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।