
कोरबा । जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए आज मार्च को जिला पंचायत सभाकक्ष में चुनाव होगा। सुबह 10:30 बजे से चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। भाजपा समर्थित सदस्यों को बाहर भेज दिया था, जो लौट आए हैं। उन्हें एक स्थान पर रखा है। बुधवार को सदस्य सीधे जिला पंचायत पहुंचेंगे। खेमेबाजी होने पर निर्दलीय सदस्य भी चुनाव में उलटफेर कर सकते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए डॉ. पवन सिंह रेणुका राठिया, सावित्री कंवर व माया कंवर का नाम है। अध्यक्ष का पद आदिवासी मुक्त है, लेकिन भाजपा के पास एकमात्र डॉ. पवन सिंह ही पुरुष सदस्य हैं। बाकी दावेदार महिला सदस्य हैं। यह भी कहा जा रहा है कि इस बार भी जिला पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए महिला को ही मौका दिया जाएगा। ऐसे में समीकरण बदल सकता है। रामपुर और पाली तानाखार से अभी भाजपा के विधायक नहीं हैं। इस वजह से क्षेत्रीय समीकरण को देखते हुए भी मौका मिल सकता है। रामपुर से अगर अध्यक्ष पद के लिए मौका दिया गया तो रेणुका राठिया के नाम को आगे किया जा सकता है।
पाली तानाखार से डॉ. पवन सिंह और माया कंवर के बीच फैसला होगा। उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा से भी इनके बीच से ही नाम आगे किया जा सकता है। इसके अलावा क्षेत्र क्रमांक 6 के सदस्य विनोद यादव को दावेदार बताया जा रहा है। निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली उपाध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार हैं। उन्हें कई सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। भाजपा सदस्यों में अगर नाराजगी बढ़ी तो उलटफेर की संभावना भी बनी हुई है। कांग्रेस अभी मैदान से बाहर है, लेकिन क्षेत्र क्रमांक 9 से जीते कौशल नेटी और क्षेत्र क्रमांक 5 से जीती सुषमा रजक पर भी सबकी निगाहें हैं। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के विद्वान सिंह भी संभावनाएं तलाश रहे हैं। दोपहर तक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा।