दंतेवाड़ा। जिले में माओवादियों ने एक ग्रामीण की गला रेतकर हत्या कर दी है। उसपर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाया और उसे मार डाला है। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले में नक्सलियों ने पिछले 2 दिनों में 3 ग्रामीणों की हत्या कर दी है। वहीं पिछले 24 सालों में 1800 लोगों को मारा है।
दरअसल, अरनपुर थाना क्षेत्र के ककाड़ी गांव में वारदात हुई है। इस गांव के रहने वाले युवक हड़मा हेमला (30) के घर देर रात माओवादी पहुंच गए थे। वहीं उन्होंने युवक को घर से उठाया। फिर जंगल की तरफ लेकर गए। जहां उस पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया और उसकी जान ले ली। धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। फिर शव को गांव के नजदीक लाकर फेंक दिया।
वहीं, आज सुबह गांव वालों ने पुलिस को इस वारदात की जानकारी दी थी। जिसके बाद सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। दंतेवाड़ा के ASP आरके बर्मन ने कहा कि, मामले की जांच की जा रही है।
2 दिन में 3 हत्या
दरअसल, नक्सलियों ने दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले में पिछले 2 दिन में यह दूसरी वारदात की और 3 लोगों को मार डाला है। 3 फरवरी की रात, करीब 10 से 12 नक्सली हथियारों से लैस होकर बुड़गीचेरू गांव में पहुंचे थे। नक्सलियों ने गांव के कारम राजू (32) और माड़वी मुन्ना (27) को अगवा कर जंगल की ओर ले गए और वहां दोनों की गला काटकर हत्या कर दी।
सुबह, जब ग्रामीणों ने दोनों के शव गांव के पास देखा, तो उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद तर्रेम पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बीजापुर ASP चंद्रकांत गवर्णा ने कहा कि जैसे ही हत्या की सूचना मिली, एक टीम को तुरंत गांव भेजा गया था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और हत्या की जांच की जा रही है।